श्रीभूमि में 10 दिवसीय आवासीय संस्कृत प्रबोधन वर्ग 15 जुलाई से

शिलचर, 8 जुलाई। संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार तथा संस्कृत संभाषण को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से संस्कृत भारती, दक्षिण असम प्रांत के तत्वावधान में 15 से 23 जुलाई 2026 तक श्रीभूमि जिले के श्रीगौरी स्थित माधवधाम में 10 दिवसीय आवासीय संस्कृत प्रबोधन वर्ग का आयोजन किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, इस आवासीय प्रशिक्षण वर्ग में दसवीं उत्तीर्ण अथवा उससे अधिक शैक्षणिक योग्यता रखने वाले इच्छुक प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। अनौपचारिक शिक्षण केंद्रों के छात्र-छात्राएं, समाज के इच्छुक नागरिक, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा संस्कृत अध्ययन केंद्रों से जुड़े विद्यार्थी एवं शिक्षक भी इसमें सहभागिता कर सकेंगे।

प्रशिक्षण वर्ग के लिए पंजीकरण शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है। वर्ग में संस्कृत माध्यम से अध्ययन की पद्धति, संस्कृत संभाषण में दक्षता तथा संस्कृत भाषा के व्यावहारिक उपयोग पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

आयोजक समिति ने बताया कि प्रतिभागियों को 15 जुलाई को अपराह्न 2 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। वर्ग का समापन 23 जुलाई को प्रातः 8 बजे के बाद होगा, जिसके पश्चात प्रतिभागी वापस लौट सकेंगे। प्रशिक्षण अवधि के दौरान अनावश्यक आवागमन तथा मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। महिला प्रतिभागियों के लिए पृथक आवास की व्यवस्था भी की गई है।

संस्कृत भारती, दक्षिण असम प्रांत के प्रांत मंत्री डॉ. केशव लइटेल तथा वर्ग के अध्यक्ष तपोमय भट्टाचार्य ने संस्कृत प्रेमियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समाज के सभी इच्छुक नागरिकों से इस आवासीय संस्कृत प्रबोधन वर्ग में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Comment