बराक घाटी में हाईकोर्ट की स्थायी पीठ की मांग तेज, पंचग्राम को बताया सबसे उपयुक्त स्थान

हाइलाकांडी, 8 जुलाई। बराक घाटी में गुवाहाटी हाईकोर्ट की स्थायी पीठ (ब्रांच) स्थापित करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इसी मांग को लेकर बुधवार को बराक घाटी हाईकोर्ट ब्रांच डिमांड कमेटी के तत्वावधान में हाइलाकांडी जिला एडवोकेट बार एसोसिएशन कार्यालय परिसर में एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में हाइलाकांडी जिला एडवोकेट बार एसोसिएशन तथा श्रीभूमि जिला एडवोकेट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने भाग लिया और सर्वसम्मति से बराक घाटी में गुवाहाटी हाईकोर्ट की स्थायी पीठ स्थापित करने की मांग का समर्थन किया। अधिवक्ताओं का कहना था कि इससे बराक घाटी के लोगों को न्याय प्राप्त करने में सुविधा होगी तथा उन्हें गुवाहाटी तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

बैठक के बाद आयोजित पत्रकार सम्मेलन में हाइलाकांडी जिला एडवोकेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नूरुल हक मजूमदार एवं महासचिव फखरुल इस्लाम बरभुइया ने बताया कि इस संबंध में काठीघोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमलाक्ष दे पुरकायस्थ ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को ज्ञापन सौंपकर बराक घाटी में हाईकोर्ट की स्थायी पीठ स्थापित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के कानून मंत्री सुशांत कुमार बरगोहाईं ने भी बराक घाटी में हाईकोर्ट की शाखा स्थापित करने के प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख व्यक्त किया है।

श्रीभूमि जिला एडवोकेट बार एसोसिएशन की ओर से अधिवक्ता पूर्णिमा चौधरी और अब्दुल बासित ने कहा कि बराक घाटी के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को अब शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए। उनका मत था कि हाइलाकांडी जिले का पंचग्राम क्षेत्र हाईकोर्ट की स्थायी पीठ की स्थापना के लिए सबसे उपयुक्त स्थान है।

पत्रकार सम्मेलन के दौरान हाइलाकांडी एवं श्रीभूमि जिला एडवोकेट बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से पंचग्राम में गुवाहाटी हाईकोर्ट की स्थायी पीठ स्थापित किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए राज्य सरकार से शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

Leave a Comment