श्रीभूमि के आनीपुर में सिंगला नदी का पुल ध्वस्त, 6 वाहन नदी में गिरे — प्रशासन मौके पर, राहत-बचाव जारी
करीमगंज/श्रीभूमि, 11 फरवरी:
श्रीभूमि जिले (पूर्व करीमगंज) के रामकृष्णनगर समष्टि अंतर्गत आनिपुर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिंगला नदी के ऊपर बना पुल अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय पुल पर मौजूद कुल 6 वाहन—दो लदी हुई डंपर, दो ऑल्टो कार, एक बोलेरो पिकअप और एक मिनी ट्रक—सीधे नदी में जा गिरे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त प्रदीप कुमार द्विवेदी सहित प्रशासनिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को शीघ्रता से निकालकर अस्पताल भेज दिया गया है। प्रशासन की निगरानी में नदी में गिरे वाहनों को निकालने का कार्य भी तेज़ी से जारी है।
फिलहाल इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग के रूप में बसट्टिहाल रोड से आवागमन करने की सलाह दी है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने पुल की स्थिति को लेकर पहले भी चिंता जताई थी। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।