शोकाकुल माहौल में लाठीग्राम के युवक हातिफुल का अंतिम संस्कार

शोकाकुल माहौल में लाठीग्राम के युवक हातिफुल का अंतिम संस्कार

उधारबंद बंद थाना क्षेत्र के लाठीग्राम निवासी युवक हातिफुल का अंतिम संस्कार बुधवार को गमगीन माहौल में संपन्न हुआ। कफन में लिपटा उनका पार्थिव शरीर जैसे ही गांव पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार दोपहर करीब एक बजे शव के घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जानकारी के अनुसार, जनाजे की नमाज अदा करने के बाद हाथिफुल को स्थानीय कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। उल्लेखनीय है कि हातिफुल हाल ही में अपने कार्यस्थल केरल से ट्रेन के जरिए उधारबंद के लाठीग्राम स्थित घर लौट रहे थे। रविवार रात करीब आठ बजे बिहार के पटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत किशनगंज–एनजेपी मुख्य रेल लाइन पर बाघमारा रेलवे गेट के पास उनका शव बरामद किया गया।

परिजनों ने बताया कि रविवार रात एक अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन कर उन्हें रेल लाइन के पास हाथिफुल का शव मिलने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य बिहार पुलिस प्रशासन से संपर्क कर पटिया थाना पहुंचे। पुलिस की निगरानी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया, जिसे एंबुलेंस के जरिए लाठीग्राम लाया गया।

पटिया पुलिस की प्रारंभिक जांच में मौत को दुर्घटनाजनित बताया गया है, हालांकि परिजन इस निष्कर्ष से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि हाथिफुल की मौत के पीछे कोई रहस्य हो सकता है। परिजनों ने मांग की है कि मामले की गहन जांच की जाए। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही खुलासा हो सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment