शिलचर। भारत केसरी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सोमवार शाम शिलचर के शिलोंगपट्टी स्थित उनकी प्रतिमा के समक्ष श्रद्धापूर्वक समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शिलचर श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति रक्षा समिति ने किया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। इसके बाद देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में शिलचर के सांसद परिमल शुक्लबैद्य, पूर्व जनसंघ पदाधिकारी संतोष कुमार पाटुआ, भाजपा के वरिष्ठ नेता नित्यभूषण डे, प्रख्यात चिकित्सक डॉ. प्रबाल पाल चौधुरी, समिति के अध्यक्ष रमापद भट्टाचार्य सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, देशभक्ति, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा भारतीय जनसंघ की स्थापना में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव के लिए डॉ. मुखर्जी का जीवन आज भी प्रेरणास्रोत है। साथ ही नई पीढ़ी तक उनके आदर्शों और राष्ट्रसेवा की भावना को पहुंचाने पर बल दिया गया।
समिति के अध्यक्ष रमापद भट्टाचार्य ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृतियों का संरक्षण और उनके आदर्शों का व्यापक प्रचार-प्रसार ही समिति का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया।