शिलचर में 14 मार्च को फ्लाईओवर निर्माण का शिलान्यास, बराक घाटी के लिए ऐतिहासिक क्षण

शिलचर में 14 मार्च को फ्लाईओवर निर्माण का शिलान्यास, बराक घाटी के लिए ऐतिहासिक क्षण

शिलचर। बराक घाटी के लोगों की लंबे समय से चली आ रही प्रतीक्षा अब समाप्त होने जा रही है। बहुप्रतीक्षित शिलचर फ्लाईओवर का शिलान्यास आगामी 14 मार्च को किया जाएगा। इस अवसर को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

फ्लाईओवर इम्प्लीमेंटेशन डिमांड कमेटी ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए असम के मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। कमेटी ने कहा कि शिलचर शहर लंबे समय से भीषण यातायात जाम और उससे उत्पन्न विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा था। आम नागरिकों की सुविधा और शहर के सुचारु यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर निर्माण की मांग लगातार उठाई जा रही थी।

कमेटी के नेतृत्व में पिछले वर्ष नवंबर माह में ऑनलाइन और ऑफलाइन हस्ताक्षर अभियान चलाया गया था, जिसे बराक घाटी सहित देश-विदेश के हजारों लोगों का समर्थन प्राप्त हुआ। लगभग दस हजार हस्ताक्षर एकत्र कर मुख्यमंत्री को सौंपे गए थे। इसके अतिरिक्त विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक संगठनों, छात्र-युवा वर्ग और आम नागरिकों की भागीदारी से एक विशाल जनसभा का आयोजन कर शीघ्र फ्लाईओवर निर्माण की मांग को जोरदार तरीके से उठाया गया था।

कमेटी के अनुसार, प्रधानमंत्री के शिलचर दौरे के दौरान फ्लाईओवर का शिलान्यास होना बराक घाटी के विकास इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होगा।

फ्लाईओवर इम्प्लीमेंटेशन डिमांड कमेटी ने इस ऐतिहासिक पहल को सफल बनाने में शिलचर के नागरिकों एवं विभिन्न संगठनों के सहयोग के लिए भी कृतज्ञता व्यक्त की है। स्थानीय लोगों का मानना है कि फ्लाईओवर के निर्माण से न केवल यातायात समस्या में राहत मिलेगी, बल्कि शहर के समग्र विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।

Leave a Comment