मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा बुधवार को करेंगे चुनावी जनसभा, आम लोगों से शामिल होने की अपील

शिलचर, 29 सितंबर: शिलचर नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य के मंत्री कौशिक राय ने दावा किया कि नगर निगम चुनाव में भाजपा के सभी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने बुधवार को शिलचर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा की चुनावी जनसभा में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की।
मंगलवार को इटखला स्थित कछार जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में कौशिक राय ने बताया कि मुख्यमंत्री बुधवार को शाम 4 बजे पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्रीकोणा स्थित नवनिर्मित ‘असम सचिवालय, बराक घाटी’ का भी दौरा करेंगे और बराक घाटी के लोगों के साथ विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। नवनिर्मित सचिवालय का मुख्यमंत्री का यह पहला दौरा होगा।
मंत्री ने बताया कि गत 25 सितंबर को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार सैकिया की उपस्थिति में पार्टी का ‘संकल्प पत्र’ जारी किया गया था। इसमें शिलचर के विकास को लेकर पार्टी की विभिन्न योजनाओं और भावी विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की गई है। पिछले चार दिनों से विधायक, सांसद और पार्टी के अन्य नेता चुनाव क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों के बीच संकल्प पत्र वितरित कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता की ओर से पार्टी को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
कौशिक राय ने कहा कि संकल्प पत्र में किए गए प्रत्येक वादे को पूरा करने के लिए भाजपा पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी। चुनाव प्रचार के तहत पार्टी की ओर से विभिन्न बैठकों, संवाद कार्यक्रमों और जनसभाओं का आयोजन भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के शिलचर दौरे को महत्वपूर्ण बताते हुए मंत्री ने सभी वर्गों के लोगों से पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में उपस्थित होने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि 14 मार्च 2026 को ‘असम सचिवालय, बराक घाटी’ का उद्घाटन किया गया था। इस सचिवालय परिसर में मुख्यमंत्री का कार्यालय भी स्थित है।
पत्रकार सम्मेलन में सांसद परिमल शुक्लवैद्य, राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव एवं कणाद पुरकायस्थ, विधायक डॉ. राजदीप राय, कछार जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।