दुर्गापूजा के पूर्व रामकृष्ण विवेकानंद सोसाइटी ने वितरित किए नए वस्त्र

प्रे.स. शिलचर, 29 सितंबर: आगामी दुर्गापूजा के अवसर पर रामकृष्ण विवेकानंद सोसाइटी की पहल पर सोसाइटी द्वारा संचालित लक्ष्मीपुर विधानसभा क्षेत्र के चिरपुल स्थित श्रीमा सारदा कोचिंग सेंटर की महिलाओं के बीच नए वस्त्र वितरित किए गए। यह कार्यक्रम गत 27 सितंबर, रविवार को आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुल 50 महिलाओं को पूजा के लिए नई साड़ियां प्रदान की गईं। साथ ही अन्य लोगों के बीच पुराने कपड़े भी वितरित किए गए।

महिलाओं के बीच नए वस्त्र वितरण में शिलचर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था लायंस क्लब ऑफ शिलचर वैली ने सहयोग का हाथ बढ़ाया।

वस्त्र वितरण से पूर्व लायंस क्लब ऑफ शिलचर वैली के अध्यक्ष शंकर भट्टाचार्य ने अपने संबोधन में माताओं से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से शिक्षण केंद्र भेजें। उन्होंने कहा कि बच्चों को दुख, कठिनाइयों और विभिन्न प्रतिकूल परिस्थितियों से बाहर निकालने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम उचित शिक्षा है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से शिक्षण केंद्र आने और मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने तथा देश और समाज के हित में कार्य करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बच्चों के साथ खड़े होकर उनकी शिक्षा और सर्वांगीण विकास में सहयोग करें, तो पिछड़े क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को भविष्य में अपने जीवन में स्थापित होने का बेहतर अवसर मिलेगा।

रामकृष्ण विवेकानंद सोसाइटी के महासचिव सुप्रतीप दत्त राय ने दुर्गापूजा के पूर्व लायंस क्लब ऑफ शिलचर वैली द्वारा किए गए इस सहयोग के लिए सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति सोसाइटी की ओर से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

सोसाइटी की ओर से बताया गया कि इस पहल का उद्देश्य केवल त्योहार की खुशियां बांटना ही नहीं, बल्कि बच्चों को नियमित शिक्षा से जोड़कर उनमें आत्मविश्वास और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करना भी है। शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं मानवीय कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए सोसाइटी भविष्य में भी कार्य करती रहेगी।

कार्यक्रम में लायंस क्लब ऑफ शिलचर वैली की ओर से शाखी भट्टाचार्य, चंद्रावती राय, स्वागता भट्टाचार्य, पापिया देव, सुमिता भट्टाचार्य, अनिमेष भट्टाचार्य, कनकेश्वर भट्टाचार्य, प्रदीप देव और संयुक्ता दत्त राय सहित अन्य सदस्य एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति में महिलाओं के हाथों में नए वस्त्र सौंपे गए। दुर्गापूजा के पूर्व नए वस्त्र पाकर महिलाओं में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

समाज के सहृदय लोगों के सहयोग से रामकृष्ण विवेकानंद सोसाइटी की यह मानवीय पहल जरूरतमंदों के बीच खुशी बांटने के साथ-साथ सामाजिक सरोकार की एक प्रेरणादायक मिसाल बन गई।

Leave a Comment