डीएसए मैदान से निकला विशाल जुलूस, 38 प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन
शिलचर, 11 सितंबर। शिलचर नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आज अंतिम तिथि है। अंतिम दिन प्रत्याशियों और समर्थकों की भारी भीड़ के चलते शिलचर शहर में चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई। इसी क्रम में भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए विशाल जुलूस के साथ अपने 38 प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल कराया।
भाजपा का विशाल जुलूस शिलचर डीएसए खेल मैदान से शुरू हुआ। इसमें पार्टी के प्रत्याशियों के अलावा बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरता हुआ शिलचर गवर्नमेंट बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचा, जहां नगर निगम की 38 सीटों के लिए भाजपा के सभी 38 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन दाखिल करने के दौरान प्रत्याशियों के साथ सांसद परिमल शुक्लवैद्य, राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव, विधायक राजदीप राय, राजदीप गोआला सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी से नामांकन केंद्र के आसपास का इलाका पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया।
शिलचर नगर निगम में कुल 42 वार्ड हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार भाजपा ने 38 वार्डों में, असम गण परिषद (अगप) ने 4 वार्डों में तथा कांग्रेस ने 39 वार्डों में प्रत्याशी उतारे हैं। कांग्रेस तीन वार्डों में प्रत्याशी नहीं दे सकी।
नामांकन के अंतिम दिन विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों और समर्थकों की भारी मौजूदगी से शिलचर का राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया है। आगामी नगर निगम चुनाव में 42 वार्डों वाली शिलचर नगर निगम की सत्ता किसके हाथ में जाती है, इस पर अब पूरे शहर की नजरें टिकी हैं।