जमीनी स्तर के उद्यमियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
गुवाहाटी, 11 सितंबर: सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास परिषद (एमएसएमई-पीडीबी) की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा इनके लाभ को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुवाहाटी के राजगढ़ स्थित एमएसएमई कार्यालय में जिला समन्वयकों एवं क्षेत्रीय निदेशकों के लिए प्रशिक्षण एवं चर्चा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के एमएसएमई-पीडीबी के प्रभारी नरेंद्र एन. सिन्हा तथा असम एमएसएमई-पीडीबी की चेयरपर्सन भार्गवी लीमा महंत उपस्थित रहीं। इस दौरान असम सहित पूरे उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में एमएसएमई-पीडीबी की विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला समन्वयकों और क्षेत्रीय निदेशकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी, उनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि सरकारी योजनाओं की जानकारी केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीण एवं जमीनी स्तर के उद्यमियों तक भी प्रभावी ढंग से पहुंचे।
अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से एमएसएमई-पीडीबी की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। इससे क्षेत्र में उद्यमिता को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा नए उद्यमियों के लिए आत्मनिर्भरता के अवसर और अधिक सुलभ होंगे।