‘स्वच्छ-हरित शहर’ के साथ डिजिटल नगर प्रशासन, क्यूआर-जीपीएस कचरा प्रबंधन और 10 हजार स्ट्रीट लाइट का लक्ष्य
शिलचर, 6 सितंबर। आसन्न शिलचर नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं में व्यापक बदलाव का रोडमैप पेश किया है। रविवार को इटखला स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार शইकिया ने कहा कि सत्ता में आने पर पार्टी शिलचर में ‘आमूल परिवर्तन’ लाने के साथ शहर को ‘स्वच्छ-हरित शहर’ के रूप में विकसित करने पर प्राथमिकता देगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि परिसीमन के बाद शिलचर नगर निगम के वार्डों की संख्या 28 से बढ़कर 42 हो गई है। निगम क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 2.70 लाख से अधिक है। महिलाओं और अनुसूचित जाति के लिए सीटों का आरक्षण भी किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की अंतिम उम्मीदवार सूची 17 सितंबर को जारी की जाएगी तथा संगठनात्मक प्रक्रिया के माध्यम से प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा।
‘वन सिटी, वन डिजिटल प्लेटफॉर्म’ पर जोर
भाजपा के प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए शइकिया ने कहा कि ‘वन सिटी, वन डिजिटल प्लेटफॉर्म’ की अवधारणा के तहत नागरिक सेवाओं को डिजिटल माध्यम से जोड़ने की योजना है। कचरा प्रबंधन को आधुनिक बनाने के लिए क्यूआर कोड आधारित शिकायत एवं सूचना व्यवस्था तथा जीपीएस ट्रैकिंग प्रणाली लागू की जाएगी। इसके माध्यम से नागरिक कचरा संबंधी जानकारी दे सकेंगे और सफाईकर्मियों द्वारा निर्धारित स्थान से कचरा उठाने की निगरानी भी संभव होगी।
उन्होंने कहा कि फाटक बाजार समेत शहर के विभिन्न बाजारों का पुनर्विकास, सड़क एवं यातायात व्यवस्था में सुधार तथा करीब 10 हजार स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना है। नागरिकों को विभिन्न सरकारी एवं नगर सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए ‘सेवा केंद्र’ स्थापित किए जाएंगे। भाषा शहीदों की स्मृति को संरक्षित करने के लिए भाषा शहीद संग्रहालय स्थापित करने की भी घोषणा की गई।
जलजमाव और निकासी समस्या के स्थायी समाधान का दावा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ के माध्यम से शिलचर के समग्र विकास को गति दी जाएगी। अधूरी पड़ी विकास परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर की लंबे समय से चली आ रही जलजमाव, मिनी बाढ़ और बाढ़ की समस्या के समाधान के लिए वैज्ञानिक तरीके से ड्रेनेज व्यवस्था को विकसित किया जाएगा तथा निकासी व्यवस्था का स्थायी समाधान तलाशा जाएगा।
42 वार्डों में संगठन मजबूत करने का दावा, 249 ने दाखिल किया नामांकन
शइकिया ने दावा किया कि भाजपा ने सभी 42 वार्डों में संगठन को मजबूत किया है और चुनाव में जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी गई है। संभावित प्रत्याशियों के साथ बैठकें की गई हैं और सभी ने पार्टी अनुशासन के साथ अपने-अपने वार्ड एवं बूथों में चुनावी अभियान चलाने पर सहमति जताई है।
शिलचर नगर निगम चुनाव में कुल 249 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 3 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 6 अक्टूबर को मतगणना प्रस्तावित है।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
संवाददाता सम्मेलन में सांसद परिमल शुक्लवैद्य, विधायक डॉ. राजदीप राय, विधायक किशोर नाथ, राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव, राज्यसभा सांसद कनाद पुरकायस्थ, मंत्री कौशिक राय, विजय मालाकार, पूर्व विधायक दीपायन चक्रवर्ती, विधायक कमलाक्ष्य दे पुरकायस्थ, उधारबंद के विधायक राजदीप गोयाला तथा कछार भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।