शिलचर नगर निगम चुनाव की तैयारियां पूरी, 40 वार्डों में शनिवार को मतदान

करीब 2.70 लाख मतदाता करेंगे मतदान, 303 केंद्रों पर होगी वोटिंग; 700 पुलिसकर्मियों की तैनाती

शिलचर, 2 अक्टूबर (हि.स.)। काछार जिला मुख्यालय शिलचर में नगर पालिका से नगर निगम बनने के बाद पहली बार नगर निगम चुनाव होने जा रहा है। शनिवार, 3 अक्टूबर को शिलचर नगर निगम के 40 वार्डों के लिए मतदान होगा। वार्ड संख्या 9 और 20 में प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।

चुनाव को लेकर शुक्रवार को मतदान सामग्री का वितरण किया गया और मतदान कर्मी आवश्यक चुनाव सामग्री लेकर अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। इंटर-स्टेट ट्रक टर्मिनस (आईएसटीटी) में आयोजित वितरण प्रक्रिया का काछार के जिला आयुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल कुमार गुप्ता, आईएएस तथा वरिष्ठ अधिकारियों ने निरीक्षण किया। मतदान कर्मियों के लिए भोजन, परिवहन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, चुनाव के लिए 303 मतदान केंद्र बनाए गए हैं तथा पूरे चुनाव क्षेत्र को 18 सेक्टर और 6 जोन में विभाजित किया गया है। करीब 2.70 लाख मतदाताओं के मतदान करने की संभावना है। चुनावी प्रक्रिया के लिए लगभग 1,500 मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें 10 महिला संचालित मतदान केंद्र भी शामिल हैं, जहां पूरी मतदान प्रक्रिया महिला कर्मियों द्वारा संचालित की जाएगी।

प्रत्येक सेक्टर में एक सेक्टर अधिकारी और एक पुलिस सेक्टर अधिकारी की तैनाती की गई है। ये अधिकारी मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं और सुरक्षा की निगरानी के साथ किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे। जिला प्रशासन ने मतदान कर्मियों को पिछले कई सप्ताह से आवश्यक प्रशिक्षण और दिशा-निर्देश भी दिए हैं।

700 पुलिसकर्मियों की तैनाती

चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। काछार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पार्थ प्रतिम दास, आईपीएस ने बताया कि नगर निगम चुनाव के लिए करीब 700 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा होमगार्ड तथा अतिरिक्त पुलिस बल की भी व्यवस्था की गई है।

संवेदनशील एवं संभावित रूप से अशांत क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस सेक्टर एवं जोनल अधिकारी मतदान केंद्रों की निगरानी करेंगे, जबकि जिला स्तर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नियमित गश्त और मतदान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम भी सक्रिय रहेगी।

एसएसपी ने बताया कि 3 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने तथा मतदान केंद्र पर EPIC कार्ड अथवा निर्धारित पहचान-पत्र साथ लाने की अपील की है।

शिलचर के मतदाता शनिवार को पहली बार नगर निगम के प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के बाद 6 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं एवं राजनीतिक दलों से शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और चुनाव कर्मियों को सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Comment