शिलचर के पुरातन लखीपुर रोड पर आमने-सामने की टक्कर, बाइक व स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल

प्रे.स. शिलचर, 31 जुलाई: शिलचर के पुरातन लखीपुर रोड पर नई सड़क के समीप गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल और स्कूटी दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना के बाद सड़क पर खून फैल गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए दोनों घायलों को शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। साथ ही यातायात पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई।

समाचार लिखे जाने तक दोनों घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए यातायात विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक तनाव और दहशत का माहौल बना रहा।

Leave a Comment