बराक वैली के जोलहा समाज की मानवीय पहल, मुख्यमंत्री राहत कोष में ₹50,000 का योगदान

शिलचर, 31 जुलाई: ऊपरी असम में हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के उद्देश्य से बराक वैली के जोलहा समाज ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष में ₹50,000 का योगदान दिया। गुरुवार रात समाज के प्रतिनिधियों ने असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा को राहत कोष के लिए ₹50,000 का चेक सौंपा।

समाज की ओर से बताया गया कि यह राशि संगठन के सदस्यों एवं शुभचिंतकों के सहयोग से एकत्र की गई है। इस पहल का उद्देश्य प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के प्रति एकजुटता व्यक्त करना और राहत कार्यों में अपना योगदान देना है।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि कठिन समय में छोटी-सी सहायता भी पीड़ित परिवारों के जीवन को फिर से संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसी भावना के साथ संगठन ने राहत कोष में योगदान देकर अपना सामाजिक दायित्व निभाने का प्रयास किया है।

इस अवसर पर जोलहा समाज के प्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा से शिष्टाचार भेंट का भी अवसर मिला।

कार्यक्रम में हाइलाकांदी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. मिलन दास तथा राताबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय मालाकार विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने समाज की इस पहल की सराहना करते हुए सहयोग, मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया। जलहा समाज ने दोनों विधायकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर कुतुब उद्दीन अंसारी, अब्बास उद्दीन, रहीम शेख, अनवर हुसैन तथा हाकिम उद्दीन सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment