प्रे.स., शिलचर, 14 जूलाई: शिलचर के सोनाई रोड स्थित शरतपल्ली की प्रतिभाशाली नृत्यांगना समर्पिता चौधरी ने पश्चिम बंगाल के लोकप्रिय रियलिटी शो ‘तारा बांग्ला’ के ‘डांस बंगाल डांस’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए फर्स्ट रनर-अप का खिताब हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने न केवल शिलचर बल्कि पूरे बराक घाटी का नाम रोशन किया है।
समर्पिता, मृदुल चौधरी और स्मृति चौधरी की पुत्री हैं। उन्होंने बताया कि बचपन से ही पढ़ाई के साथ-साथ एक सफल नृत्यांगना बनने का सपना देखा था। शिलचर और असम के विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर वह कई पुरस्कार भी जीत चुकी हैं।
ऑनलाइन ऑडिशन में चयनित होने के बाद समर्पिता ने कोलकाता में आयोजित टीवी राउंड में हिस्सा लिया। 26 जून से प्रसारित इस रियलिटी शो में उनके आकर्षक और प्रभावशाली नृत्य ने निर्णायकों एवं दर्शकों का दिल जीत लिया। फाइनल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें फर्स्ट रनर-अप घोषित किया गया। पुरस्कार स्वरूप उन्हें नकद राशि का चेक, एक स्कूटी तथा एक बड़ा एलईडी टीवी प्रदान किया गया।
समर्पिता के लिए सबसे गौरवपूर्ण क्षण तब आया, जब प्रसिद्ध अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने उन्हें मंच पर ट्रॉफी और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस सफलता के पीछे नृत्य निर्देशक शिल्पायन राय और प्रदीप दत्ता का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने समर्पिता के नृत्य कौशल और मंच प्रस्तुति को निखारने में विशेष भूमिका निभाई।
समर्पिता की माता स्मृति चौधरी ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही विभिन्न मंचों पर उत्कृष्ट नृत्य प्रस्तुत करती रही है। वर्तमान में वह रामानुज विद्या मंदिर की सातवीं कक्षा की छात्रा हैं और पढ़ाई के साथ नियमित रूप से नृत्य का अभ्यास भी करती हैं।
समर्पिता ने भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन कर बराक घाटी तथा असम का नाम और ऊंचा करने का संकल्प व्यक्त करते हुए अपने परिवार, शिक्षकों और सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।