फाटकबाजार और न्यू मार्केट को स्वच्छ रखने के लिए व्यापारियों से विशेष अपील

राजू दे, शिलचर: फाटकबाजार और न्यू मार्केट क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं कचरा-मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से शिलचर फूडग्रेन्स मर्चेंट्स एसोसिएशन ने व्यापारियों से विशेष सहयोग की अपील की है। संगठन ने इस संबंध में एक अपील-पत्र जारी कर बाजार क्षेत्र की साफ-सफाई को प्रत्येक व्यापारी की सामाजिक जिम्मेदारी बताया है।

एसोसिएशन ने कहा कि बाजार की स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यापारी का भी कर्तव्य है। कुछ लोगों की लापरवाही के कारण बाजार में इधर-उधर कचरा फेंकने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जिससे न केवल पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है, बल्कि व्यापारी समुदाय की छवि भी प्रभावित हो रही है।

अपील-पत्र में विश्व के सबसे स्वच्छ गांवों में शामिल मेघालय के मावलिन्नोंग का उदाहरण देते हुए व्यापारियों से सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयास के माध्यम से स्वच्छ बाजार बनाने का आह्वान किया गया है।

एसोसिएशन ने बताया कि पहले भी बाजार क्षेत्र से नियमित रूप से कचरा संग्रह की व्यवस्था की गई थी, लेकिन सभी का अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण यह अभियान पूरी तरह सफल नहीं हो सका। इसलिए व्यापारियों से पुनः अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालें, अपनी दुकानों और आसपास के क्षेत्र को साफ रखें तथा स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बाजार के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

एसोसिएशन ने विश्वास जताया कि सभी व्यापारियों के संयुक्त प्रयास से फाटकबाजार और न्यू मार्केट क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श बाजार के रूप में विकसित किया जा सकता है।

Leave a Comment