शिलचर कांग्रेस कार्यालय में हंगामा, विधायक अमीनुल हक लस्कर ने आरोपों को बताया निराधार

शिलचर कांग्रेस कार्यालय में हंगामा, विधायक अमीनुल हक लस्कर ने आरोपों को बताया निराधार
शिलचर, संवाददाता रानू दत्ता। शिलचर स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय में चुनावोत्तर समीक्षा बैठक के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब कथित दल-विरोधी गतिविधियों को लेकर कांग्रेस के जिला अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष अंसार हुसैन बड़लस्कर और कुछ कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हो गई। घटना के बाद अंसार हुसैन बड़लस्कर ने सोनाई के विधायक Aminul Haque Laskar के समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। हालांकि विधायक ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस की चुनावोत्तर समीक्षा बैठक में प्रदेश कांग्रेस के सचिव प्रांजल घटोवार, स्वपन कर तथा विधायक Aminur Rashid Choudhury सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से चुनाव संबंधी फीडबैक लिया जा रहा था। अधिकांश क्षेत्रों की समीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, लेकिन सोनाई विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा शुरू होते ही माहौल गर्म हो गया।
बैठक में मौजूद कुछ कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जिला अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष अंसार हुसैन बड़लस्कर ने हालिया चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अमीनुल हक लस्कर के पक्ष में सक्रिय भूमिका नहीं निभाई, बल्कि कथित रूप से विपक्षी उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार किया था। इसी मुद्दे को लेकर कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके बैठक में बने रहने पर आपत्ति जताई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो बाद में धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। आरोप है कि इसी दौरान अंसार हुसैन बड़लस्कर के साथ मारपीट की गई और उन्हें बैठक कक्ष से बाहर जाने के लिए मजबूर किया गया।
घटना के बाद कांग्रेस कार्यालय में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। बाद में विधायक अमीनुल हक लस्कर ने हस्तक्षेप कर कार्यकर्ताओं को शांत कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
इस बीच विधायक अमीनुल हक लस्कर ने मारपीट के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि बैठक के दौरान केवल बहस और कहासुनी हुई थी, किसी के साथ मारपीट नहीं की गई। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने और संगठनात्मक अनुशासन का पालन करने की अपील की।
घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का माहौल है, जबकि पार्टी नेतृत्व पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Comment