कछार जिला भाजपा की बड़ी पहल, जनविश्वास को बताया सबसे बड़ी ताकत
शुक्रवार को असम के शिलकुरी में कछार जिला भाजपा द्वारा एक भव्य ‘विजय संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से आगामी पंचायत चुनावों के प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई।
इस सभा में असम सरकार में बराक उपत्यका विकास मंत्री कौशिक राय, सांसद परिमल शुक्लबैद्य, कछार जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा, पंचायत चुनाव संचालन समिति के इंचार्ज मुन सरकार, भाजपा के राज्य सचिव कनाद पुरकायस्थ, विधायक दीपायन चक्रवर्ती, विधायक निहार रंजन दास, विधायक मिहिर कांति सोम, पूर्व विधायक दिलीप कुमार पाल, जिला महासचिव अमिताभ राय और गोपाल राय सहित अनेक प्रमुख नेता मौजूद थे।

भाजपा नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में विकास की बयार बह रही है और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में राज्य ने हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि जनता का भाजपा पर अटूट विश्वास है और आने वाले पंचायत चुनावों में इसका प्रमाण फिर मिलेगा।
सभा में यह भी दावा किया गया कि कछार जिले में कांग्रेस का अब कोई वजूद नहीं रह गया है। यहां तक कि कांग्रेस के एक विधायक ने भी अपने ही जिला अध्यक्ष पर टिकट के बदले पैसे लेने का आरोप लगाया है। कई पंचायतों में कांग्रेस अपने उम्मीदवार तक खड़े नहीं कर पाई है, जो उनके संगठन की दुर्दशा को दर्शाता है।
भाजपा नेताओं ने बताया कि पंचायत चुनावों की घोषणा से पहले ही पार्टी ने 2 जिला परिषद सदस्यों और 35 आंचलिक पंचायत सदस्यों के पद पर जीत हासिल कर ली है। यह जीत मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की विकास नीतियों और जनसमर्थन का प्रमाण है।
सभा के दौरान हाल ही में निर्वाचित दो जिला परिषद सदस्यों और 35 आंचलिक पंचायत सदस्यों को पार्टी की ओर से भव्य सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।
भाजपा का संकल्प स्पष्ट है – विकास के रास्ते पर अडिग रहकर जनता की सेवा करना और कांग्रेस जैसी भ्रष्ट व दिशाहीन पार्टी को पूरी तरह पीछे छोड़ना।