शिलकुड़ी में कानु युवा समिति की बैठक आयोजित
शिलकुड़ी चार नंबर दुर्गा मंडप में मद्धेशिया वैश्य(कानु) काछाड़ जिला युवा समिति की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में समाज के विभिन्न प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में मुख्य रूप से जाति प्रमाण पत्र को लेकर चल रही समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई और इसे जल्द से जल्द असम सरकार से समाधान करने की मांग की गई।
कार्यक्रम में प्रमुख वक्ताओं के रूप में काछार जिला कानू समाज के प्रतिनिधि राजेश कानू, असम प्रदेश के जयप्रकाश कानू तथा काछार जिला समिति के अध्यक्ष रंजीत कानू ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने समाज को संगठित एवं मजबूत बनाने पर जोर देते हुए नियमित सदस्यता और आर्थिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक सदस्य प्रतिमाह 100 रुपये का योगदान जमा करेंगे, ताकि सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।
साथ ही शिलकुड़ी के 4 नंबर और 7 नंबर क्षेत्रों को शामिल करते हुए एक नई कमेटी के गठन का भी निर्देश दिया गया। सभा में उपस्थित लोगों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।