बराक वैली शतरंज चैंपियनशिप का समापन, विजेताओं को किया गया सम्मानित

बराक वैली शतरंज चैंपियनशिप का समापन, विजेताओं को किया गया सम्मानित
प्रे.स. शिलचर, 17 मई। दि लिटिल ट्री हाउस चेस अकादमी एवं कछाड़ डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय “थर्ड एडिशन ऑफ बराक वैली चेस चैंपियनशिप-2026” का रविवार को भव्य समापन हुआ। शिलचर नेशनल हाईवे स्थित एक विवाह भवन में आयोजित इस प्रतियोगिता में बराक घाटी सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शतरंज खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने भाग लिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध कैंसर विशेषज्ञ Dr. Ravi Kannan तथा समाजसेवी Neeru Sharma उपस्थित रहीं। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए शतरंज को मानसिक विकास और रणनीतिक सोच को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण खेल बताया।
प्रतियोगिता के दौरान शनिवार को शतरंज विषय पर आधारित एक विशेष पुस्तक का भी विमोचन किया गया। डॉ. अभिनव पाल, डॉ. तुहीन देशमुख एवं अनूप कुमार राय द्वारा लिखित इस पुस्तक को उत्तर-पूर्व भारत की पहली विस्तृत शतरंज पुस्तक बताया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि शतरंज बच्चों में तार्किक क्षमता, धैर्य, एकाग्रता एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों, शिक्षकों एवं खेल प्रेमियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
दि लिटिल ट्री हाउस चेस अकादमी के संचालक अनूप कुमार राय ने कहा कि अकादमी का उद्देश्य बराक घाटी में शतरंज को लोकप्रिय बनाना तथा नई प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन का भरोसा दिलाया।

Leave a Comment