

गुवाहाटी || विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र द्वारा दो दिवसीय क्षेत्रीय वार्षिक साधारण सभा का आयोजन किया गया। डोन्यी पोलो विद्या निकेतन तालोम रुकबो नगर में आयोजित साधारण सभा के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि विद्या भारती के अखिल भारतीय महामन्त्री अवनीश भटनागर, अरुणाचल प्रदेश मुख्य मंत्री के सलाहकार ताई तागक, क्षेत्रीय मंत्री डॉ. जगदीन्द्र रायचौधुरी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री डॉ. पवन तिवारी जी उपस्थित रहे। क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्यों सहित विभिन्न प्रांत समितियों व ट्रस्ट के अध्यक्ष, मंत्री, क्षेत्रीय विषय प्रमुख एवं पूर्णकालिक कार्यकर्ता साधारण सभा में उपस्थित रहे। साधारण सभा में विगत वर्ष का कार्यवृत्त प्रस्तुत करते हुए आगामी कार्ययोजना का विचार किया गया।
अवनीश भटनागर ने सभा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सन्दर्भ में महत्वपूर्ण बातों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा शिक्षा का प्रमुख उद्धेश्य विद्यार्थियों का पंचकोशात्मक विकास करना है। साधारण सभा में उन्होंने शंतनु रघुनाथ शेंडे पुरस्कार सरस्वती विद्या निकेतन महादेवपुर की प्रधानाचार्या वसुधा भिड़े को प्रदान किया। क्षेत्रीय विषय प्रमुख एवं प्रान्त समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा अपने कार्य का वार्षिक वृत्त प्रस्तुत करते हुए आगामी कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान की। असम चाय जनगोष्ठी शिक्षा संस्कृति न्यास, शंकरदेव एजुकेशन एवं रिसर्च फाउन्डेशन द्वारा भी सभा में कार्यवृत्त प्रस्तुत किया गया। विद्या भारती द्वारा पूर्वोत्तर क्षेत्र में विभिन्न पंजीकृत प्रान्त समितियों के माध्यम से 666 विद्यालय संचालित हैं जिनमें 10,240 आचार्यों के मार्गदर्शन में 1,64,668 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। अनौपचारिक शिक्षा प्रदान करने हेतु 631 एकल संस्कार केंद्र संचालित हैं जिनमें 19,512 विद्यार्थी प्राथमिक शिक्षा निशुल्क प्राप्त कर रहे हैं।
साधारण सभा के समापन सत्र में उपस्थित कार्यकर्ताओं सहित केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनुपम मिश्रा, अरुणाचल शिक्षा विकास समिति के अध्यक्ष बोड़ोंग यिरांग, त्रिपुरा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. गंगा प्रसाद परसाईं उपस्थित रहे। विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र की कार्यकारिणी बैठक भी सभा से पूर्व आयोजित की गई।
(Incase of any further information/clarification feel free to contact the undersigned.)
Vikash Sharma
(Regional Office Secretary)Vidya Bharati Purvottar Kshetra
Vishnu Path, R.G. Baruah Road, Guwahati – 781024
Ph. – 8133040135 (M) 03613563693