शिक्षा एवं पेयजल समस्याओं को लेकर मंत्रियों से मिले कंचन सिंह, सौंपे ज्ञापन

शिलचर, 23 जुलाई। उदारबंद विधानसभा क्षेत्र एवं बराक घाटी के विभिन्न चाय बागान क्षेत्रों की शैक्षिक एवं पेयजल संबंधी समस्याओं को लेकर कंचन सिंह ने असम सरकार के माननीय शिक्षा मंत्री तथा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी (PHE) एवं बराक वैली विकास मंत्री श्री कृष्णेंदु पाल से शिष्टाचार भेंट कर ज्ञापन सौंपा।

शिक्षा मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में उदारबंद विधानसभा क्षेत्र में एक मॉडल कॉलेज की स्थापना, उरुनाबंद चाय बागान में मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की स्थापना, कछार हाई स्कूल को उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उन्नत करने तथा प्रयोगिक हिंदी विद्यालय, शिलचर में शिक्षकों की तत्काल नियुक्ति की मांग की गई।

वहीं, श्री कृष्णेंदु पाल को सौंपे गए ज्ञापन में उदारबंद विधानसभा क्षेत्र एवं बराक घाटी के विभिन्न चाय बागान क्षेत्रों में व्याप्त गंभीर पेयजल संकट के समाधान की मांग की गई। इसके साथ ही कछार हाई स्कूल के उन्नयन, उदारबंद में मॉडल कॉलेज तथा उरुनाबंद चाय बागान में मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की स्थापना की मांग भी रखी गई।

कंचन सिंह के अनुसार, दोनों मंत्रियों ने सभी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई तथा सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों पर सहयोग के लिए शिक्षा मंत्री एवं श्री कृष्णेंदु पाल के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment