विश्व पर्यावरण दिवस पर हाइलाकांदी में होंगे विविध कार्यक्रम, हजारों पौधों का होगा वितरण

विश्व पर्यावरण दिवस पर हाइलाकांदी में होंगे विविध कार्यक्रम, हजारों पौधों का होगा वितरण

हाइलाकांदी, 4 जून: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को हाइलाकांदी जिले में वन विभाग की ओर से विभिन्न जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी जानकारी जिला वन अधिकारी अखिल दत्त ने बुधवार को हाइलाकांदी में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में दी।

उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विश्व पर्यावरण दिवस को व्यापक स्तर पर मनाने की तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम के तहत शुक्रवार सुबह 8 बजे जिला आयुक्त कार्यालय परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत हजारों पौधों का वितरण किया जाएगा। साथ ही जिला आयुक्त कार्यालय परिसर एवं उसके आसपास वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

इसके बाद पूर्वाह्न 11 बजे हाइलाकांदी एस.एस. कॉलेज परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस समारोह में वन विभाग के कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

विशिष्ट अतिथियों में हाइलाकांदी के जिला आयुक्त अभिषेक जैन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमिताभ सिंह सहित जिले के अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं अधिकारी शामिल होंगे।

जिला वन अधिकारी अखिल दत्त ने जिलेवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।

– सिप्रीयान डायास, हाइलाकांदी

Leave a Comment