गौतम सरकार रामकृष्णनगर, 29 जुलाई: रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को पुलिस, अग्निवीर तथा विभिन्न अर्द्धसैनिक बलों की भर्ती के लिए तैयार करने के उद्देश्य से विधायक विजय मालाकार की पहल पर 7 अगस्त से निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण शिविर शुरू किया जाएगा। यह शिविर रामकृष्णनगर मेडिकल कॉलेज के समीप स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित होगा।
मंगलवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में गांधीनगर जीपी के अध्यक्ष सौरभ दास ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर विधायक विजय मालाकार की पहल तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा, रामकृष्णनगर विधानसभा की देखरेख में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर में पुलिस, अग्निवीर और अर्द्धसैनिक बलों में भर्ती की तैयारी कर रहे युवक-युवतियों को 15 दिनों तक विशेषज्ञों द्वारा शारीरिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए एक माह का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों के लिए नाश्ते, पेयजल, शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा तथा चोट लगने की स्थिति में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी। प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
सौरभ दास ने कहा कि विधायक विजय मालाकार का उद्देश्य है कि रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के अधिक से अधिक युवा अपनी योग्यता के बल पर सरकारी नौकरियां प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को सही दिशा और उचित प्रशिक्षण मिले तो वे निश्चित रूप से विभिन्न प्रतियोगी भर्ती प्रक्रियाओं में सफलता हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी ऐसे प्रशिक्षण शिविर का आयोजन दुल्लभछड़ा और रामकृष्णनगर मंडल में किया गया था, जिसमें लगभग 1,500 युवक-युवतियों ने भाग लिया था। उस शिविर को युवाओं का व्यापक समर्थन मिला था।
संवाददाता सम्मेलन में श्रीभूमि जिला युवा मोर्चा के सचिव दीपायन डे, सहाध्यक्ष जयंत दास, रामकृष्णनगर मंडल युवा मोर्चा के सहाध्यक्ष समर दास, सनी दास, महासचिव सुपायन घोष, दुल्लभछड़ा मंडल युवा मोर्चा के महासचिव शुभ्रजीत राय तथा भैरवनगर मंडल युवा मोर्चा के सदस्य संदीप दास सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।