गौतम सरकार रामकृष्णनगर, 29 जुलाई। कालीनगर ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या-2 स्थित सैजानगर गांव में बुधवार को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री श्री गौरांग महाप्रभु अखाड़ा के लिए बनने वाले सामुदायिक भवन का शिलान्यास ग्राम पंचायत अध्यक्ष सत्यजीत देव ने किया।
बताया गया कि कुछ वर्ष पूर्व स्थानीय विधायक विजय मालाकार ने अखाड़ा का दौरा कर इसकी जर्जर स्थिति का निरीक्षण किया था। उस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से अखाड़ा के लिए नए सामुदायिक भवन के निर्माण का आश्वासन दिया था। उसी वादे को पूरा करते हुए विधायक की पहल पर अखाड़ा के लिए सामुदायिक भवन स्वीकृत किया गया है।
यह भवन असम दर्शन (वित्तीय वर्ष 2024-25) योजना के अंतर्गत निर्मित किया जाएगा। शिलान्यास समारोह में अखाड़ा समिति के अध्यक्ष सुबुल पाल, उपाध्यक्ष विजय पाल, सचिव पीयूष पाल, महासचिव पप्पू पाल, सदस्य प्रमोद पाल, प्रवीर पाल, पल्लव दास तथा सलाहकार मंडल के सदस्य हितेश विश्वास, गोविंद पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।