विधायक अमीनुल हक लस्कर के भतीजों पर युवक से मारपीट और धार्मिक टिप्पणी का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
रानू दत्त शिलचर, 3 जून। कछार जिले के कनकपुर प्रथम खंड क्षेत्र में एक युवक के साथ कथित मारपीट, धमकी और धार्मिक आधार पर अपमानजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में शिलचर सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4 बजे नूर खातून प्राथमिक विद्यालय के सामने सोनाई रोड निवासी आकाश सिंह की कार को रोककर कनकपुर निवासी दो भाइयों — अकीब उज्जामान लस्कर (साकिल) और मालिक उज्जामान जमान लस्कर — तथा उनके कुछ सहयोगियों ने कथित रूप से मारपीट की।
आकाश सिंह का आरोप है कि हमले में उनके एक कान में गंभीर चोट लगी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपियों ने उनकी कार की चाबी छीनने का प्रयास किया तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने स्वयं को विधायक अमीनुल हक लस्कर का भतीजा बताते हुए रास्ते से गुजरने के बदले कथित रूप से “गुंडा टैक्स” की मांग की।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उनके धर्म को लेकर भी आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां की गईं। किसी तरह वहां से निकलकर उन्होंने शिलचर सदर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
इस बीच, स्थानीय बजरंग दल नेता रूपक दास ने घटना की निंदा करते हुए इसे सांप्रदायिक मानसिकता से प्रेरित बताया और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पीड़ित आकाश सिंह की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई है।
शिलचर सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच की जाएगी तथा जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(नोट: समाचार में उल्लिखित आरोप शिकायतकर्ता के बयान पर आधारित हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।)