चंडीचरण रोड स्थित लोकनाथ धाम में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई लोकनाथ ब्रह्मचारी की 136वीं तिरोधान तिथि
रानू दत्त शिलचर, 3 जून। विश्वभर के श्रद्धालुओं और आध्यात्मिक अनुयायियों की श्रद्धा-भक्ति के बीच बुधवार को शिलचर के चंडीचरण रोड स्थित लोकनाथ धाम में महान संत बाबा लोकनाथ ब्रह्मचारी की 136वीं तिरोधान तिथि धार्मिक रीति-रिवाजों और वैदिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धापूर्वक मनाई गई।
मंदिर के पुजारियों एवं प्रबंधन समिति के सदस्यों ने बताया कि लोकनाथ धाम में पिछले 18 वर्षों से निरंतर बाबा लोकनाथ ब्रह्मचारी की तिरोधान तिथि का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार, आरती, पुष्पांजलि तथा विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।
बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर बाबा लोकनाथ को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए आदर्शों और आध्यात्मिक संदेशों का स्मरण किया। दिनभर भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण से लोकनाथ धाम गुंजायमान रहा।
दोपहर में मंदिर प्रबंधन की ओर से महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान भक्तों ने बाबा लोकनाथ ब्रह्मचारी के त्याग, तपस्या और मानव कल्याण के लिए दिए गए उनके संदेशों पर चर्चा करते हुए उनके जीवन-दर्शन को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
लोकनाथ धाम के पुजारी ने कहा कि बाबा लोकनाथ ब्रह्मचारी की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना और उनके आदर्शों को जीवित रखना ही तिरोधान तिथि आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना में भाग लेते हैं और आध्यात्मिक शांति एवं आत्मिक ऊर्जा प्राप्त करते हैं।
समारोह का समापन सामूहिक प्रार्थना एवं विश्व शांति की कामना के साथ किया गया।