120 लोगों की हुई आंखों की जांच, 38 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान
गौतम सरकार रामकृष्णनगर, 25 सितंबर। श्रीभूमि जिले के रामकृष्णनगर क्षेत्र अंतर्गत विद्यानगर स्थित महाप्रभु जगन्नाथ कम्युनिटी हॉल एवं स्किल सेंटर में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, श्रीभूमि जिला शाखा तथा भारत सेवाश्रम संघ से अनुमोदित श्रीभूमि हिंदू मिलन मंदिर के संयुक्त प्रबंधन में नि:शुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद पहचान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में श्रीभूमि जिला अंधत्व निवारण समिति का सहयोग रहा।
शिविर में आसपास के चाय बागान क्षेत्रों में रहने वाले बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिलाएं आंखों की जांच कराने पहुंचे। कुल 120 लोगों की नेत्र जांच की गई, जिनमें 38 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान हुई। इन मरीजों के ऑपरेशन की व्यवस्था की गई है। भारत सेवाश्रम संघ, श्रीभूमि जिला शाखा द्वारा मरीजों के आने-जाने के खर्च सहित ऑपरेशन का पूरा खर्च वहन किया जाएगा। ऑपरेशन भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, श्रीभूमि जिला शाखा के नेत्र विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा।
शिविर में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से ऑप्टोमेट्रिस्ट गिरिजा शंकर दत्त चौधरी, समाजपति विश्वजीत नाथ, नर्स सुपर्णा विश्वास, कोऑर्डिनेटर दिव्य ज्योति दास तथा लैब टेक्नीशियन रिपन दास एवं निलय चक्रवर्ती ने सेवाएं प्रदान कीं।
भारत सेवाश्रम संघ, श्रीभूमि की ओर से देवव्रत घोष, शैबाल चौधरी, मृण्मय दास, अंजलि राय पोद्दार, नमिता घोष, मिता साहा, सुचिस्मिता चौधरी तथा पूर्व शिक्षक विश्वजीत दास उपस्थित रहे। इसके अलावा श्रीभूमि जिला चाय जनगोष्ठी मोर्चा के सह-अध्यक्ष एवं विद्यानगर जीपी की क्षेत्रीय पंचायत सदस्य गीता रानी राय के प्रतिनिधि सुरेंद्र यादव तथा प्रदीप बड़ेता भी मौजूद थे।
शिविर के आयोजन से चाय बागान क्षेत्रों में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को नि:शुल्क नेत्र जांच एवं उपचार की सुविधा मिली।