‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के साथ विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचे कार्यकर्ता, लक्षीपुर से निकली बाइक रैली
शिलचर, 7 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक माह लंबे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की कछार जिला समिति की ओर से शिलचर पुलिस परेड मैदान में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया।
सभा के अवसर पर जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली गई। विभिन्न क्षेत्रों से रवाना हुई यात्राएं शिलचर पुलिस परेड मैदान पहुंचीं और मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुईं। कलश यात्राओं के पहुंचने के साथ ही कार्यक्रम स्थल का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।
अभियान के तहत लक्षीपुर विधानसभा क्षेत्र से भी भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों की भागीदारी में बाइक रैली निकाली गई। राज्य के नगर विकास एवं आवास तथा खाद्य सुरक्षा विभाग के मंत्री कौशिक राय ने रैली में हिस्सा लिया। लक्षीपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न प्रमुख सड़कों से गुजरते हुए बाइक रैली शिलचर पुलिस परेड मैदान पहुंची, जहां प्रतिभागियों ने मुख्य सभा में भाग लिया।
सभा में शिलचर के सांसद परिमल शुक्लवैद्य, मंत्री कौशिक राय, राज्यसभा सांसद कनाद पुरकायस्थ, राज्यसभा सदस्य सुष्मिता देव, विधायक डॉ. राजदीप राय, राजदीप गोयाला, किशोर नाथ, अमियकांति दास, कमलाक्ष दे पुरकायस्थ तथा कछार जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को प्रमुखता देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में किए जा रहे विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति संकल्प की शपथ भी दिलाई गई।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची ‘सेवा ज्योति कलश यात्राओं’ और लक्षीपुर की बाइक रैली ने कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के उत्साह को बढ़ाया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा, विकास और ‘विकसित भारत’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।