वकीलपट्टी में नशे के सेवन के दौरान तीन युवक पकड़े गए, स्थानीय लोगों ने पुलिस को सौंपा
शिलचर, 1 जून: शिलचर शहर के व्यस्त और प्रमुख क्षेत्र उकिलपट्टी में सोमवार दोपहर नशे के खिलाफ स्थानीय लोगों की सतर्कता देखने को मिली। क्षेत्रवासियों ने कथित रूप से नशीले पदार्थों का सेवन कर रहे तीन युवकों को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने तीनों युवकों के पास से नशीले पदार्थ रखने के लिए उपयोग किए जाने वाले डिब्बे तथा सिरिंज बरामद किए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों का दावा है कि आरोपियों के पास से कुछ मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। हालांकि, बरामद सामग्री की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद क्षेत्र में मादक पदार्थों के बढ़ते प्रचलन को लेकर चिंता और गहरा गई है। नागरिकों का कहना है कि शहर की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम नशा करने की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं, जिनके वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल होती रहती हैं।
स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मादक पदार्थों के खिलाफ और अधिक सख्त अभियान चलाने तथा संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है, जिस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन, पुलिस और समाज को मिलकर काम करना होगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा पकड़े गए युवकों से पूछताछ जारी है।