लगातार बारिश से उत्तर प्रदेश बेहाल, लखनऊ में जगह-जगह जलभराव

-राजधानी में जनजीवन अस्त-व्यस्त, यातायात प्रभावित; कई इलाकों में सड़कों पर भरा पानी

-लखनऊ में 21 घंटे में 125.8 मिमी बारिश

-कई इलाकों में दो फीट तक जलभराव की स्थिति

-यातायात व्यवस्था पर पड़ा व्यापक असर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले करीब 48 घंटे से जारी लगातार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गई हैं और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

राजधानी लखनऊ में गुरुवार रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शुक्रवार और शनिवार तक जारी रहा। लखनऊ में शनिवार सुबह तक पिछले 21 घंटों में 125.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज किए जाने की रिपोर्ट है। लगातार बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। जानकीपुरम में कुछ स्थानों पर करीब दो फीट तक पानी जमा होने की सूचना है, जबकि बालागंज क्षेत्र की कैटल कॉलोनी सहित कई इलाकों में जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ गई।

हजरतगंज, कृष्णानगर, अलीगंज, गोमतीनगर, इंदिरानगर, चारबाग, चौक और आलमबाग सहित शहर के अनेक हिस्सों में बारिश के कारण यातायात की रफ्तार धीमी रही। कई स्थानों पर जलभराव, गड्ढों और कीचड़ के कारण वाहन चालकों तथा पैदल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूल बसों और सार्वजनिक परिवहन की आवाजाही भी प्रभावित हुई।

बारिश के कारण कुछ स्थानों पर सड़क धंसने और पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। कई जिलों में लगातार बारिश को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। लखनऊ सहित प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार तक रुक-रुककर बारिश जारी रहने की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

लगातार बारिश ने जहां तापमान में उल्लेखनीय गिरावट ला दी है, वहीं जलनिकासी व्यवस्था की भी परीक्षा ले ली है। राजधानी के कई हिस्सों में सड़कें और गलियां जलमग्न होने से लोगों ने नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि बारिश रुकने के बाद भी जलभराव जल्द समाप्त नहीं होने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है।

प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, जलभराव वाले रास्तों से बचने तथा तेज बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है।

Leave a Comment