शिलचर, 27 अगस्त: हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी बराक वार्ता बांग्ला एवं हिंदी समाचार माध्यम के संयुक्त आयोजन में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बराक घाटी के विभिन्न खेलों में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल आयोजकों को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह 29 अगस्त को दोपहर 2 बजे शिलचर के एलोरा हेरिटेज हॉल में आयोजित होगा। कार्यक्रम में कछार जिले के अभिभावक मंत्री कृष्णेंदु पाल, मंत्री कौशिक राय, विधायक राजदीप ग्वाला, शिलचर के विधायक राजदीप राय, जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा, समाजसेवी तमाल बनिक, खेल आयोजक लालन प्रसाद ग्वाला, पूर्व जिला खेल संघ सचिव एवं खेल आयोजक द्विजेंद्र प्रसाद सिंह, उदय शंकर गोस्वामी सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों के उपस्थित रहने की संभावना है।
समारोह में भारतीय राष्ट्रीय हॉकी टीम के खिलाड़ी एवं ओएनजीसी के चीफ जनरल मैनेजर मोहम्मद नासिर को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा लक्ष्मीपुर जिला खेल संघ के संतोष लाओकर मेमोरियल जूनियर अंडर-17 बालक फुटबॉल टूर्नामेंट की जिला स्तरीय विजेता लखीपुर टीम को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए टेबल टेनिस प्रशिक्षक पार्थ देव और शुभाशीष चक्रवर्ती को सम्मानित किया जाएगा। टेबल टेनिस की बेस्ट प्रॉमिसिंग प्लेयर आरोही नाथ को भी सम्मान मिलेगा। क्रिकेट में अमन सिंह, दिवाकर झारी तथा अंतर-जिला क्रिकेट में दो शतक लगाने वाले शुभ पाल को सम्मानित किया जाएगा।
हॉकी के क्षेत्र में करीमगंज हॉकी एसोसिएशन के प्रशिक्षक एवं खेल आयोजक इमाद उद्दीन, अंडर-17 जिला टीम के कप्तान नीरज संथाल तथा अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। शतरंज में सिंगापुर में कांस्य पदक जीतने वाले अभिजीत नाथ को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा। एआईएफएफ एवं फीफा प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ी जेफ्रिक्शन को भी समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
लॉन टेनिस के क्षेत्र में आईपीएफ मास्टर चैंपियन देवज्योति स्वामी, आईटीएफ मास्टर्स चैंपियन शिवाशीष दत्तगुप्ता, आईटीएफ लेवल-1 प्रमाणित टेनिस कोच एवं एआईए लेवल-1 फिटनेस ट्रेनर अर्णब दत्त को सम्मानित किया जाएगा। टेबल टेनिस में लगातार दो बार एच ग्रुप चैंपियन बनने वाले विप्रजीत पाल को भी सम्मान मिलेगा।
हॉकी में मोस्ट प्रॉमिसिंग प्लेयर प्रिंस पारेख, असम स्टेट ट्रायल हॉकी के लिए चयनित दिया दास और विकास भुइयां, तथा राज्य हॉकी टीम की खिलाड़ी एवं जिला खेल संघ से जुड़ी प्रियंका सूत्रधार को भी सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में शिलचर के प्रमुख खिलाड़ी, खेलप्रेमी, जिला खेल संघ के वरिष्ठ अधिकारी, अध्यक्ष सुब्रत दत्त, सचिव देवाशीष सोम सहित जिले के अनेक विशिष्ट व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम को सफल एवं गरिमामय बनाने के लिए सभी वर्गों के खेलप्रेमी नागरिकों से सहयोग की अपील बराक वार्ता के कर्णधार एवं कार्यक्रम संचालक संजीव कुमार सिंह ने की है।