लखीपुर के लाल ने बढ़ाया बराक घाटी का गौरव, मणिपुर में तैनात 6 असम राइफल्स के जवान की बहादुरी को मिला सम्मान।
चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर। 24 अक्टूबर।
कछार जिले के लखीपुर विधानसभा क्षेत्र के लालांग प्रथम खंड के कंठग्राम निवासी असम राइफल्स के हवलदार मोहम्मद खम्बातन खान को राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल लखीपुर, बल्कि संपूर्ण कछार जिला और बराक घाटी गौरवान्वित है।

वर्तमान में हवलदार मोहम्मद खम्बातन खान मणिपुर में 6 असम राइफल्स में तैनात हैं और देश की सेवा में जुटे हुए हैं। देश की सुरक्षा, विशेषकर पूर्वोत्तर क्षेत्र में शांति स्थापित करने तथा उग्रवाद विरोधी अभियानों में उनके अदम्य साहस, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 जून 2026 को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित डिफेंस इन्वेस्टिचर सेरेमनी में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें वीरता पदक प्रदान किया था। हालांकि, उस समय हवलदार खान विदेश में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे, जिसके कारण वह समारोह में उपस्थित होकर राष्ट्रपति के हाथों व्यक्तिगत रूप से पदक ग्रहण नहीं कर सके। इसके बाद राष्ट्रपति भवन से पदक 6 असम राइफल्स के मुख्यालय भेज दिया गया।
अंततः 24 अक्टूबर 2026 को असम राइफल्स के अधिकारियों ने राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया गया वीरता पदक हवलदार मोहम्मद खम्बातन खान को सौंप दिया। इस प्रकार उनकी बहादुरी और राष्ट्रसेवा को मिला प्रतिष्ठित सम्मान औपचारिक रूप से उन्हें प्रदान किया गया।
हवलदार मोहम्मद खम्बातन खान की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। देश की सुरक्षा के लिए समर्पित उनके साहस और सेवा भावना ने एक बार फिर साबित किया है कि बराक घाटी की धरती के सपूत राष्ट्र की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनकी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों में खुशी और गर्व का माहौल है।