राशन कार्ड कार्यों के लिए सिविल सप्लाई कार्यालय में उमड़ी भीड़, नाम सुधार और ट्रांसफर कार्य तेज़ी से जारी

राजू दे, शिलचर, 20 जून।

शिलचर स्थित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग (सिविल सप्लाई) के कार्यालय में इन दिनों राशन कार्ड से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रतिदिन सैकड़ों महिला-पुरुष सुबह से ही कार्यालय पहुंच रहे हैं, जिससे परिसर में काफी चहल-पहल देखी जा रही है। हालांकि बढ़ती भीड़ के कारण विभाग के नियमित कार्यों पर भी कुछ दबाव पड़ रहा है।

हाल ही में राशन कार्ड में नाम संशोधन, नाम परिवर्तन, मृत व्यक्तियों के नाम हटाने तथा कार्ड ट्रांसफर की प्रक्रिया में तेजी आने की खबर फैलने के बाद कार्यालय में लोगों की आवाजाही कई गुना बढ़ गई है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए यहां पहुंच रहे हैं।

विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद लक्षीपुर के विधायक एवं मंत्री कौशिक राय के प्रयासों से कार्यप्रणाली में तेजी आई है। कार्यालय पहुंचे अनेक लोगों ने बताया कि पहले की तुलना में अब सेवाएं अधिक सुगमता और शीघ्रता से मिल रही हैं।

विभाग के सुपरिंटेंडेंट (प्रभारी) मुख्यधर दास ने बताया कि कार्यालय में सभी कार्य तेज़ गति से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कभी-कभी सर्वर डाउन जैसी तकनीकी समस्याएं आती हैं, लेकिन इससे कामकाज पर अधिक प्रभाव नहीं पड़ता। अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ लोगों के आवेदनों का शीघ्र निपटारा करने में जुटे हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में राशन कार्ड ट्रांसफर, नाम संशोधन और मृत व्यक्तियों के नाम हटाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। आवश्यक दस्तावेज जमा होने के बाद आवेदनों का त्वरित निपटारा किया जा रहा है।

विभागीय सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल नए राशन कार्ड बनाने और नए सदस्यों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी तरह बंद है। इसके बावजूद कई लोग गलत जानकारी या अफवाहों के आधार पर नए कार्ड अथवा नए नाम जोड़ने के आवेदन लेकर कार्यालय पहुंच रहे हैं।

इसके कारण अनावश्यक भीड़ बढ़ रही है, जिससे वास्तविक कार्य कराने आए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। साथ ही कर्मचारियों पर भी अतिरिक्त दबाव बन रहा है, जिसका असर सेवा वितरण पर पड़ सकता है।

विभाग ने लोगों से अपील की है कि वर्तमान में केवल नाम सुधार, नाम ट्रांसफर तथा मृत व्यक्तियों के नाम हटाने जैसी सेवाएं ही उपलब्ध हैं। नए राशन कार्ड और नए सदस्य के नाम जोड़ने संबंधी आवेदन स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। इसलिए ऐसी सेवाओं के लिए कार्यालय पहुंचकर अनावश्यक परेशानी उठाने से बचें।

प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि यदि राशन कार्ड संबंधी सही जानकारी आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए तो अनावश्यक भीड़ में काफी कमी लाई जा सकती है। इससे वास्तविक आवेदकों को भी शीघ्र और बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद वे आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।

Leave a Comment