पंडित रामावतार शर्मा जोशी की 98वीं जयंती एवं संस्था के पांचवें वार्षिकोत्सव पर सम्मान समारोह का आयोजन
बेगूसराय, समाचार एजेंसी।
अंतरराष्ट्रीय साहित्य समूह द्वारा वरिष्ठ साहित्यकार अंशु कवि पंडित रामावतार शर्मा जोशी की 98वीं जयंती एवं संस्था के पांचवें वार्षिकोत्सव के अवसर पर भव्य कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं साहित्यप्रेमियों द्वारा पंडित रामावतार शर्मा जोशी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि ईश्वर अस्पताल के निदेशक डॉ. संजय कुमार ईश्वर, कार्यक्रम अध्यक्ष स्वतंत्रता सेनानी सीताराम शास्त्री, संस्था की संस्थापिका एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा शर्मा ‘स्नेहा’, पूर्व मेयर आलोक कुमार अग्रवाल, शिक्षक नेता अमरेंद्र कुमार सिंह तथा अधिवक्ता राजेंद्र महतो ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा एवं कला जगत से जुड़े अनेक विशिष्ट व्यक्तियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में नेहा राज, मंजूलिका भारती, डॉ. प्रवीण कुमार प्रणव, राधा शर्मा, मदन कुमार चौधरी, रवि गांधी, देवनीति राय, प्रभा कुमारी, मुस्कान केसरी, डॉ. बिनोद हंसौड़ा, उषा किरण श्रीवास्तव, राहुल राज, प्रदीप मिश्रा ‘अजनबी’, सीमा शर्मा ‘मंजरी’, रामेश्वर भोजपुरिया, उत्तम शर्मा, अनिरुद्ध झा तथा दिवाकर झा सहित कई साहित्यकार एवं समाजसेवी शामिल रहे।
कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को देर शाम तक बांधे रखा। विशेष रूप से सतना (मध्य प्रदेश) के कवि केजी द्विवेदी ‘खुशदिल’ ने अपनी व्यंग्यात्मक कविता—
“हमने भारत का चहुंमुखी विकास देखा है,
कल बनी भी सड़क, आज उखड़ी देखा है…”
—सुनाकर श्रोताओं को खूब हंसाया। उनकी कविता पर सभागार ठहाकों और तालियों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान कवियों ने सामाजिक विसंगतियों, समकालीन राजनीति, मानवीय संवेदनाओं और राष्ट्रप्रेम पर आधारित कविताएं प्रस्तुत कीं। आयोजकों ने कहा कि ऐसे साहित्यिक आयोजन समाज में सृजनात्मक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। समारोह का समापन कवियों और अतिथियों के सम्मान तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।