रामकृष्णनगर सम जिला प्रशासन द्वारा 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

रामकृष्णनगर, 21 जून (गौतम सरकार): विश्वभर में मनाए जा रहे 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्रीभूमि जिले के रामकृष्णनगर सम जिला प्रशासन के तत्वावधान में रविवार को रामकृष्णनगर कॉलेज के प्रेक्षागृह में एक विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सम जिला प्रशासन के सहायक आयुक्त मेहबूब हसन लस्कर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रातः 7 बजे आरंभ हुए इस कार्यक्रम में एनसीसी कैडेटों, विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों तथा स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षक पिनाक देव और दीपन नाथ ने योगासन, प्राणायाम एवं विभिन्न योग मुद्राओं का प्रदर्शन किया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी भी उपस्थित प्रतिभागियों को दी।

कार्यक्रम में रामकृष्णनगर सर्किल कार्यालय के वरिष्ठ सहायक प्रकाश सेकाचेप, रामकृष्णनगर कॉलेज के भौतिकी विभाग के प्राध्यापक दीपंकर पाल, कॉलेज के बंगला विभागाध्यक्ष एवं एनसीसी प्रभारी संजय नाथ, हिंदी विभाग के प्राध्यापक रामाधार प्रजापति तथा श्रीभूमि जिला युवा मोर्चा के सचिव दीपायन दे सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

इस अवसर पर सहायक आयुक्त मेहबूब हसन लस्कर ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का आधार है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों को योग से जोड़ने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि कम उम्र से ही योग को जीवन का हिस्सा बनाने से शारीरिक और मानसिक विकास में सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में लगभग 80 विद्यार्थियों ने भाग लिया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह आयोजन लोगों को योग अपनाने और स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करने का प्रभावी संदेश देगा। योग दिवस कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन, मानसिक शांति और सामुदायिक कल्याण के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Comment