रामकृष्णनगर में स्व. नगेंद्र चंद्र दे एवं पारुल प्रभा दे स्मृति दो दिवसीय डे-नाइट फाइव-ए-साइड फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ

रामकृष्णनगर, 10 जुलाई (गौतम सरकार): रामकृष्णनगर जिला क्रीड़ा संस्था के तत्वावधान में शुक्रवार से स्थानीय खेल मैदान में स्वर्गीय नगेंद्र चंद्र दे एवं पारुल प्रभा दे स्मृति दो दिवसीय डे-नाइट फाइव-ए-साइड फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति अधिक से अधिक प्रोत्साहित करना तथा फुटबॉल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।

उद्घाटन मुकाबला एमडीसी ट्राइबल क्लब और डलूबंध जनकल्याण युवा संघ क्लब के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। दोनों पक्षों को कई अवसर मिले, लेकिन वे उन्हें गोल में तब्दील नहीं कर पाए। इसके बाद मैच का फैसला टाईब्रेकर से हुआ, जिसमें एमडीसी ट्राइबल क्लब ने 4-3 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।

प्रतियोगिता का अगला मुकाबला जामरूल एफसी और नागरा फाइव स्टार क्लब के बीच खेला जाएगा। शुक्रवार के सभी मैचों में रेफरी की जिम्मेदारी मनोतोष सिन्हा, कादेर अहमद, जसीम उद्दीन और अली हुसैन ने निभाई।

प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व स्थानीय कलाकारों ने आकर्षक युगल नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन हुआ।

मैच शुरू होने से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों से रामकृष्णनगर जिला क्रीड़ा संस्था के उपाध्यक्ष धनंजय नाथ, सैकत दत्त चौधरी, बिधु धर, पीयूष देव राय, सचिव सुनीत देव, पूर्व फुटबॉलर हिमांशु देव, फुटबॉल सचिव कानु राय, स्व. नगेंद्र चंद्र दे एवं पारुल प्रभा दे के सुपुत्र रामकृष्ण दे और सुबीर दे, आरएनडी शाखा के सचिव अम्लान दे, सिलचर के समाजसेवी सुब्रत कर, संस्था के पूर्व सचिव विश्वतोष सेन तथा संस्था के अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

Leave a Comment