रामकृष्णनगर नगरपालिका ने बाजार के दुकानदारों को सौंपे भूमि-अधिकार समझौता पत्र

गौतम सरकार रामकृष्णनगर, 21 जुलाई। रामकृष्णनगर नगरपालिका के अंतर्गत आने वाले बाजार के दुकानदारों को मंगलवार को उनके दुकानों की भूमि (भीटा) से संबंधित समझौता पत्र सौंपे गए। नगरपालिका कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में चेयरमैन प्रतिमा नाथ और वाइस चेयरमैन हिमांशु देव ने दुकानदारों को औपचारिक रूप से एग्रीमेंट पेपर प्रदान किए।

रामकृष्णनगर नगरपालिका के वाइस चेयरमैन हिमांशु देव ने बताया कि रामकृष्णनगर बाजार छह दशक से भी अधिक पुराना है। क्षेत्र के लोगों ने वर्षों से यहां अपनी दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान संचालित किए हैं, लेकिन अधिकांश दुकानदारों के पास अपनी दुकानों से संबंधित वैध एवं स्थायी दस्तावेज नहीं थे। इसके कारण उन्हें सरकारी योजनाओं और अन्य सुविधाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

उन्होंने बताया कि नगरपालिका बोर्ड के गठन के बाद से ही बाजार के दुकानदारों को वैध दस्तावेज उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा था। अब तक लगभग 50 दुकानदारों ने इसके लिए आवेदन किया है, जिनमें से 30 दुकानदारों के साथ नगरपालिका का समझौता पूरा हो चुका है। मंगलवार को चार दुकानदारों को एग्रीमेंट पेपर सौंपकर इस प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत की गई।

वाइस चेयरमैन हिमांशु देव ने कहा कि यह समझौता बाजार के दुकानदारों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब एग्रीमेंट प्राप्त करने वाले दुकानदार ट्रेड लाइसेंस प्राप्त कर सकेंगे, अपनी दुकानों में वैध बिजली कनेक्शन ले सकेंगे तथा बैंक से ऋण सहित विभिन्न सरकारी और वित्तीय सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पूर्व रामकृष्णनगर बाजार में भीषण आग लगने की घटना हुई थी। उस समय कई दुकानदारों के पास वैध सरकारी या बाजार संबंधी दस्तावेज नहीं होने के कारण उन्हें सरकारी सहायता प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था। भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचने के लिए नगरपालिका द्वारा दुकानदारों को वैध दस्तावेज उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

हिमांशु देव ने बताया कि रामकृष्णनगर नगरपालिका ने बाजार के विकास के लिए लगभग 80 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की है। नगरपालिका बाजार को और अधिक व्यवस्थित एवं आधुनिक बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। बाजार में पेयजल की व्यवस्था भी की गई है।

उन्होंने कहा कि जिन दुकानदारों के साथ नगरपालिका का वैध एग्रीमेंट हो जाएगा, उनसे भविष्य में बाजार की व्यवस्था और विकास के लिए निर्धारित शुल्क लिया जा सकेगा। वर्तमान में बाजार की सफाई और रखरखाव के लिए दुकानदारों से प्रतिदिन 10 रुपये लिए जाते हैं। वैध समझौते के बाद बाजार के विकास और रखरखाव की व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा।

नगरपालिका के इस कदम से लंबे समय से बाजार में व्यापार कर रहे दुकानदारों में खुशी का माहौल है।

Leave a Comment