रामकृष्णनगर के चामेला बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के सामने कूड़े का अंबार, श्रद्धालु परेशान

रामकृष्णनगर के चामेला बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के सामने कूड़े का अंबार, श्रद्धालु परेशान

गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 28 मई : देशभर के मंदिरों, मठों और धार्मिक स्थलों के आसपास सामान्यतः स्वच्छ एवं शांत वातावरण देखने को मिलता है, लेकिन श्रीभूमि जिले के रामकृष्णनगर सर्किल अंतर्गत चामेला बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के सामने फैली गंदगी और कूड़े के ढेर ने श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा दोनों को प्रभावित किया है।

मंदिर के आसपास जमा सड़ी-गली गंदगी और दुर्गंध के कारण श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर में प्रवेश करने के लिए भक्तों को पहले दुर्गंधयुक्त कूड़े के ढेर के बीच से गुजरना पड़ता है। विशेषकर किसी धार्मिक आयोजन या बड़े कार्यक्रम के समय स्थिति और भी दयनीय हो जाती है।

क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि पिछले कई वर्षों से लगातार बनी हुई है। मंदिर परिसर के सामने जमा होने वाले कचरे के कारण दूर-दराज से आने वाले कई श्रद्धालु भी मंदिर आने में अनिच्छा जताते हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर के समीप स्थित चामेला बाजार के कुछ दुकानदार नियमित रूप से अपना कचरा मंदिर के सामने खाली स्थान पर फेंक देते हैं। बाजार में कचरा निस्तारण के लिए कोई स्थायी व्यवस्था या डंपिंग स्थल नहीं होने के कारण यह स्थान धीरे-धीरे स्थायी कूड़ाघर में बदल गया है। समय के साथ यहां गंदगी बढ़ती गई, लेकिन सफाई की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

गौरतलब है कि यह बाजार भैरवनगर विकासखंड के अंतर्गत आता है, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग और अधिकारियों की ओर से अब तक समस्या के समाधान के लिए गंभीर पहल नहीं की गई है।

मंदिर के सेवायतों, स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने भैरवनगर ब्लॉक की बीडीओ अंतरा पाल से तत्काल हस्तक्षेप कर मंदिर परिसर के सामने जमा कूड़े की सफाई कराने तथा स्थायी कचरा प्रबंधन व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

Leave a Comment