राज्यसभा सांसद कनाद पुरकायस्थ ने पेश किया एक वर्ष का रिपोर्ट कार्ड, बराक घाटी के विकास के लिए किए गए कार्यों का दिया विस्तृत ब्यौरा

शिलचर, 10 जुलाई (रानू दत्त): असम से भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद कनाद पुरकायस्थ ने अपने कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने पर गुरुवार को शिलचर स्थित भाजपा कछार जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में पिछले एक वर्ष के कार्यों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया।

उन्होंने बताया कि 12 जून 2025 को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करने के बाद से उन्होंने असम, विशेषकर बराक घाटी के विकास और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को संसद तथा केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने का निरंतर प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि संसद में उनकी उपस्थिति उल्लेखनीय रही तथा एक वर्ष के दौरान उन्होंने लगभग 63 विभिन्न संसदीय बहसों में भाग लेकर जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विधेयकों और मुद्दों पर अपने विचार रखे।

सांसद पुरकायस्थ ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के मार्गदर्शन में उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़े अनेक विषयों पर कार्य किया। उन्होंने विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर बराक घाटी की प्रमुख मांगों को उनके समक्ष रखा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के दौरान उन्होंने लंका–मयनारबंद नई रेल लाइन का शीघ्र निर्माण, दुधपटिल में नए रेलवे स्टेशन की स्थापना, आईसीएफ कोचों को एलएचबी कोच में परिवर्तित करने, नई ट्रेनों के संचालन, बराक घाटी एवं असम के महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने तथा रेलवे सेवाओं एवं आधारभूत संरचना के विस्तार की मांग की।

उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त शिलचर में एम्स स्तर के चिकित्सा संस्थान (रिम्स), श्रीभूमि में विज्ञान अनुसंधान केंद्र, डोलू में ग्रीनफील्ड परियोजना, कुंभीरग्राम हवाई अड्डे से रात्रिकालीन उड़ान सेवा शुरू करने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान वैकल्पिक रेल मार्ग एवं नए औद्योगिक प्रतिष्ठानों की स्थापना का भी आग्रह किया गया।

सांसद ने कहा कि उन्होंने शिलचर रेलवे स्टेशन का नाम “भाषा शहीद स्टेशन, शिलचर” रखने, बराक घाटी में गुवाहाटी उच्च न्यायालय की स्थायी पीठ स्थापित करने, दुधपटिल में रेलवे डिवीजन की स्थापना, भुवन तीर्थ, सोनबील, खासपुर राजबाड़ी और चातला जैसे पर्यटन स्थलों के विकास, बीएसएनएल के 287 मोबाइल टावरों की स्थापना तथा शिलचर दूरदर्शन केंद्र को पुनः शुरू कराने जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया है।

पत्रकार सम्मेलन में भाजपा कछार जिला अध्यक्ष रूपम साहा ने कहा कि राज्यसभा सांसद के रूप में कनाद पुरकायस्थ ने अपने पहले वर्ष में सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभाई है। उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को संसद तथा केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से रखा है।

इस अवसर पर भाजपा कछार जिला के महासचिव अमिताभ राय एवं गोपाल राय भी उपस्थित थे।

Leave a Comment