बुरुंगा (कछार)। कछार जिले के बुरुंगा क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज और सुनियोजित डकैती की वारदात सामने आई। शिलचर-कलाइन मार्ग के किनारे स्थित निर्माणाधीन महिंद्रा शोरूम में बिजली गुल होने का फायदा उठाकर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। इस दौरान सुरक्षा गार्ड पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में कुछ अन्य कर्मचारी भी घायल हुए हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात लगभग 12 बजे अचानक पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली चले जाने के कारण शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद हो गए। अंधेरे का लाभ उठाकर सशस्त्र बदमाश शोरूम के भीतर घुस गए।
शोरूम में प्रवेश करते ही बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड और मौजूद कर्मचारियों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कुछ अन्य कर्मचारियों को भी चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही बिहाड़ा आउटपोस्ट की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद विक्रमपुर अस्पताल भेजा।
शोरूम के प्रभारी ने बताया कि हमलावरों ने वारदात के दौरान शोरूम में तोड़फोड़ की तथा कई महंगे मोबाइल फोन, नकदी और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए।
घटना के संबंध में बिहाड़ा आउटपोस्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों से भी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।