गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 5 जुलाई। कालीनगर एथलेटिक क्लब के तत्वावधान में आयोजित राजकुमार सरदा आठ टीमों की फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में कालीनगर चाय बागान ‘ए’ टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कालीनगर कॉलोनी ‘ए’ टीम को 4-0 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
विजेता टीम की ओर से ताहिर अंसारी ने 21वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद शिवम री ने 31वें मिनट में बढ़त को दोगुना किया। दूसरे हाफ में महेंद्र ने 62वें मिनट तथा गोपी गढ़ ने 86वें मिनट में गोल कर टीम की 4-0 की शानदार जीत सुनिश्चित की। कालीनगर कॉलोनी ‘ए’ टीम ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन कालीनगर चाय बागान ‘ए’ की मजबूत रक्षापंक्ति और गोलकीपर के सामने उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।
फाइनल मुकाबले में सजीव कालोवार, जमाल उद्दीन और राधिका भूषण दास ने रेफरी की जिम्मेदारी निभाई।
फाइनल के ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार कालीनगर चाय बागान ‘ए’ टीम के संतोष सतनामी को प्रदान किया गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द सीरीज’ का सम्मान शिवम री को मिला।
चैंपियन टीम को ट्रॉफी कालीनगर ग्राम पंचायत के अध्यक्ष सत्यजीत देव, कालीनगर चाय बागान के वरिष्ठ सहायक प्रबंधक दिलीप कुमार सिंह तथा सहायक प्रबंधक पिनाक नाथ ने प्रदान की। वहीं उपविजेता टीम को ट्रॉफी ग्राम पंचायत अध्यक्ष एवं आंचलिक पंचायत सदस्य की ओर से प्रतिनिधि देबव्रत घोष ने भेंट की।
समापन समारोह में बिजन डे, रिटन दास, बागान पंचायत के प्रधान रंजीत नूनिया, प्राणेश डे, आलोक चक्रवर्ती सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।