रांगीरखाड़ी सार्वजनिन दुर्गापूजा की खूंटी पूजा संपन्न

‘दैनिक जीवन और परिवार में पिता की भूमिका’ होगी इस वर्ष की विशेष थीम

शिलचर, 13 सितंबर। शहीद चंडीचरण रोड–अस्पताल रोड क्षेत्र की रांगीरखाड़ी सार्वजनिन दुर्गापूजा समिति की ओर से रविवार को धार्मिक विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ आगामी दुर्गापूजा के अवसर पर खूंटी पूजा संपन्न हुई। खूंटी पूजा को लेकर पूजा समिति के सदस्यों के साथ-साथ युवाओं और बच्चों में भी खासा उत्साह एवं उत्सव का माहौल देखने को मिला।

इस वर्ष रांगीरखाड़ी सार्वजनिन दुर्गापूजा का प्रमुख आकर्षण ‘दैनिक जीवन एवं परिवार में पिता की भूमिका’ विषय पर आधारित विशेष थीम होगी। थीम के अनुरूप दुर्गा प्रतिमा में देवाधिदेव महादेव की भूमिका को भी विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न कलात्मक सज्जाओं और पर्यावरण-अनुकूल सामग्रियों से निर्मित आकर्षक पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है। श्रद्धालुओं एवं दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने के लिए विशेष विद्युत सज्जा भी की जाएगी।

पूजा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष रांगीरखाड़ी की दुर्गापूजा 47वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। आगामी तीन वर्षों के बाद पूजा समिति अपना स्वर्ण जयंती वर्ष मनाएगी। इसे ध्यान में रखते हुए अभी से स्वर्ण जयंती समारोह को विशेष रूप से आयोजित करने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

खूंटी पूजा के अवसर पर समिति के अध्यक्ष प्रशांत कुमार पाल, सचिव सजल सूत्रधार, कोषाध्यक्ष प्रीतम साहा सहित बाबुल देव, सुखेन सरकार, आशीष भौमिक, राजू दे, बाप्पा दास, रूपम देव, अलोक मजूमदार, विवेक पाल और बाप्पा शील समेत समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

आयोजकों ने आगामी दुर्गोत्सव के अवसर पर सभी वर्गों के नागरिकों को पूजा मंडप में पहुंचकर मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन करने तथा महाप्रसाद ग्रहण करने के लिए सादर आमंत्रित किया है।

Leave a Comment