रंगपुर–शिवसागर ऐतिहासिक समाहार यूनेस्को की विश्व धरोहर की संभावित सूची में शामिल

शिवसागर: असम के शिवसागर जिले स्थित रंगपुर–शिवसागर ऐतिहासिक समाहार को यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों की संभावित सूची में शामिल किया गया है। भारत के स्थायी प्रतिनिधिमंडल ने इस ऐतिहासिक समाहार को सांस्कृतिक श्रेणी के अंतर्गत मानदंड तीन और चार के आधार पर विश्व धरोहर की संभावित सूची में शामिल करने के लिए १९ जून, २०२६ को नामांकन प्रस्तुत किया था। यूनेस्को की वेबसाइट पर इसे आधिकारिक रूप से ४ सितंबर, २०२६ को प्रकाशित किया गया।

रंगपुर–शिवसागर ऐतिहासिक समाहार में अहोम साम्राज्य की ऐतिहासिक राजधानी के महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और स्थापत्य अवशेष शामिल हैं। इनमें प्राचीन मंदिर और दौल, राजमहल, ऐतिहासिक तालाब, किलेबंद संरचनाएं, पुल तथा अन्य महत्वपूर्ण सांस्कृतिक धरोहरें शामिल हैं।

यह समाहार ताई-अहोम सभ्यता और उसकी विशिष्ट स्थापत्य परंपरा, उन्नत जल अभियंत्रण तथा नगर नियोजन की असाधारण अभिव्यक्ति है। यह ब्रह्मपुत्र घाटी में सदियों से विकसित हुई स्थायी सांस्कृतिक परंपराओं को भी दर्शाता है। यूनेस्को के विवरण में प्राकृतिक भू-दृश्य के साथ महल परिसरों, किलेबंद संरचनाओं, औपचारिक रंगमंचीय स्थलों, ऐतिहासिक जलाशयों, मंदिरों और प्राचीन मार्गों के नेटवर्क के समन्वय को विशेष महत्व दिया गया है।

रंगपुर–शिवसागर के शामिल होने के बाद यूनेस्को की विश्व धरोहर की संभावित सूची में भारत की कुल ७३ संपत्तियां हो गई हैं।

असम सरकार ने इस उपलब्धि को राज्य की विरासत संरक्षण और सांस्कृतिक संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व तथा आईटीएफसी विभाग के मंत्री श्री विश्वजीत दैमारी के मार्गदर्शन में विरासत संरक्षण, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विरासत पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों का इसमें महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है। असम की पुरातत्व निदेशालय के निरंतर प्रयासों से भी राज्य की ऐतिहासिक धरोहरों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

रंगपुर–शिवसागर का यूनेस्को की संभावित सूची में शामिल होना असम के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि चराइदेव के “अहोम राजवंश की मोइदाम—टीला-दफन प्रणाली” को विश्व स्तर पर मिली ऐतिहासिक मान्यता के बाद राज्य की समृद्ध अहोम विरासत को मिली एक और महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय पहचान है।

Leave a Comment