युवा दर्पण के 13वें स्थापना दिवस पर शिलचर में 20 विशिष्ट हस्तियों का सम्मान

राजू दे, शिलचर, 14 जून।
सिलचर से प्रकाशित साप्ताहिक बांग्ला समाचार पत्र ‘युवा दर्पण’ के 13वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को शहर के होटल इलोरा हेरिटेज हॉल में भव्य सम्मान समारोह, किड्स रैंप शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इससे पूर्व 31 मई को गुवाहाटी में भी पत्रिका की ओर से सफलतापूर्वक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। उसी श्रृंखला में सिलचर में यह विशेष आयोजन संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्ज्वलन करने वालों में पूर्व पार्षद झलक चक्रवर्ती, युवा दर्पण के प्रधान संपादक सुबीर दत्त, वरिष्ठ अधिवक्ता शेखर पाल चौधुरी, समाजसेवी विधान दासगुप्ता, पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल की पूर्व प्राचार्या कविता सेनगुप्ता, रोटेरियन सुभाष धर, युवा समाजसेवी जयदीप चक्रवर्ती, लायन अनीता मजूमदार, शिक्षिका शुभ्रा राउत, युवा दर्पण के संस्थापक दिलु दास तथा कार्यकारी संपादक बाप्पी आचार्य सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल थे।

समारोह के मुख्य अतिथि सिलचर के विधायक डॉ. राजदीप राय थे। इसके अलावा समाजसेवी सुजीत कुमार देव, उद्योगपति स्वर्णाली चौधुरी, नेताजी छात्र युवा संस्था के उपाध्यक्ष बाबुल राय, पत्रकार चयन भट्टाचार्य, अभिजीत भट्टाचार्य, मंजूर अहमद बड़भुइयां, संस्था की अध्यक्षा महुआ भौमिक, कार्यकारी अध्यक्ष रंजीत भट्टाचार्य, उपाध्यक्ष निर्झर दास, जयदेव दास, परिमल पुरकायस्थ, लायंस क्लब ऑफ ग्रेटर सिलचर के अध्यक्ष लायन राजू भौमिक, लायन अरिंदम भट्टाचार्य तथा फिल्म निर्देशक शर्मिष्ठा देव सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर पहले गुवाहाटी में पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 50 विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया था। इसी क्रम में सिलचर में भी ‘युवा दर्पण सम्मान-2026’ के तहत 20 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में 11 पत्रकार, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 8 विशिष्ट व्यक्ति तथा एक बाल कलाकार शामिल थे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों को अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं किड्स रैंप शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों एवं प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए। सम्मान एवं पुरस्कार युवा दर्पण तथा नेताजी छात्र युवा संस्था (एनसीवाईएस) के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से वितरित किए गए।

समारोह का प्रमुख आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत किड्स रैंप शो रहा, जिसने दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की। बच्चों के आत्मविश्वासपूर्ण प्रदर्शन, आकर्षक प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

अपने संबोधन में विधायक डॉ. राजदीप राय ने युवा दर्पण की सामाजिक, सांस्कृतिक और पत्रकारिता संबंधी गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने की यह पहल अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने भविष्य में भी युवा दर्पण के ऐसे रचनात्मक प्रयासों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

अन्य वक्ताओं ने भी युवा दर्पण की समाजोन्मुखी गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए संस्था और समाचार पत्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का संचालन युवा दर्पण के संस्थापक दिलु दास और दीपाली मजूमदार ने किया, जबकि किड्स रैंप शो के संचालन की जिम्मेदारी आयुस आचार्य और रंजिता सिंह ने सफलतापूर्वक निभाई। अतिथियों, सम्मानित व्यक्तियों, अभिभावकों और दर्शकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से युवा दर्पण का 13वां स्थापना दिवस समारोह यादगार और सफल आयोजन के रूप में संपन्न हुआ।

Leave a Comment