अधिकारियों की लापरवाही के विरोध में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर की नामपट्टिका को पहनाई माला
शिलचर, 29 जूलाई: शिलचर के मेहरपुर में सड़क की शीघ्र एवं स्थायी मरम्मत की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने शांतिपूर्ण मानव श्रृंखला का आयोजन किया। ग्रीन पार्क मोड़ से बीरबल बाजार तक आयोजित इस मानव श्रृंखला में बड़ी संख्या में मेहरपुरवासियों ने भाग लेकर अपनी एकजुटता का परिचय दिया।
प्रतिभागियों ने कहा कि क्षेत्र की जर्जर सड़क के कारण आम लोगों को लंबे समय से भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से सड़क का जल्द एवं स्थायी रूप से निर्माण कराने की मांग की, ताकि लोगों की परेशानी का स्थायी समाधान हो सके।
मानव श्रृंखला के अगले दिन भी संबंधित अधिकारियों द्वारा सड़क मरम्मत के प्रति लापरवाही बरते जाने से स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त हो गया। इसके विरोध में लोगों ने प्रतीकात्मक रूप से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के नाम अंकित पट्टिका पर माला चढ़ाकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि शीघ्र सड़क मरम्मत का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो जन आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
आयोजकों ने मानव श्रृंखला तथा विरोध प्रदर्शन में शामिल सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर उनका शांतिपूर्ण आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं हो जाती।