मेहरपुर में प्रस्तावित बी सी वाइन शॉप के खिलाफ स्थानीय निवासियों का विरोध, जांच और सार्वजनिक सुनवाई की मांग
शिलचर, प्रतिनिधि। मेहरपुर क्षेत्र में प्रस्तावित बी सी वाइन शॉप को लेकर स्थानीय निवासियों ने कड़ा विरोध जताते हुए आबकारी विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कथल रोड स्थित बी सी वाइन शॉप को मेहरपुर में जीवन ज्योति (जेजेएम) अस्पताल के निकट स्थानांतरित करने की स्वीकृति दी गई है, जबकि इस संबंध में पूर्व में भी संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दी जा चुकी है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, प्रस्तावित वाइन शॉप के खुलने से क्षेत्र का सामाजिक एवं सांस्कृतिक वातावरण प्रभावित होगा। उनका दावा है कि दुकान के लिए प्रस्तुत अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) में अनियमितताएं हैं तथा कुछ हस्ताक्षर कथित रूप से जाली बनाए गए हैं। साथ ही ऐसे व्यक्तियों के नाम भी शामिल किए गए हैं जो संबंधित क्षेत्र के निवासी नहीं हैं।
क्षेत्रवासियों का यह भी कहना है कि प्रस्तावित दुकान से 50 मीटर की निर्धारित दूरी के भीतर दो सार्वजनिक मंदिर, जेजेएम अस्पताल तथा एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय स्थित हैं, जबकि आधिकारिक रिपोर्ट में इन संस्थानों की दूरी 70 मीटर दर्शाई गई है। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने दूरी मापने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं।
निवासियों ने आबकारी विभाग से मांग की है कि स्थानीय लोगों की उपस्थिति में संयुक्त जांच कराई जाए, प्रस्तुत एनओसी की सत्यता की जांच की जाए तथा मंदिरों और विद्यालय की वास्तविक दूरी का भौतिक सत्यापन कराया जाए। इसके अलावा, मामले में सार्वजनिक सुनवाई आयोजित करने और जांच पूरी होने तक दुकान के संचालन अथवा उद्घाटन पर अस्थायी रोक लगाने की भी मांग की गई है।
क्षेत्रवासियों ने कहा है कि जनहित और सामाजिक सौहार्द को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।