मेहरपुर के समाजसेवी भोलानाथ यादव के छोटे भाई गौतम यादव का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

विशेष प्रतिनिधि शिलचर, 2 जुलाई: मेहरपुर के प्रतिष्ठित समाजसेवी भोलानाथ यादव के सबसे छोटे भाई, 43 वर्षीय गौतम यादव का असामयिक निधन हो गया। उनके निधन से मेहरपुर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

परिजनों के अनुसार, गौतम यादव हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और पिछले कुछ दिनों से उनका उपचार गुवाहाटी के एक अस्पताल में चल रहा था। चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद 1 जुलाई की देर रात लगभग 2 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

स्वर्गीय गौतम यादव अपने पीछे माता मुनेसरी देवी, चार बहनें, तीन भाई—उदयलाल यादव, भोलानाथ यादव एवं उत्तम यादव, पत्नी रिंकी यादव, पुत्री रिया तथा पुत्र बलवीर सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

उनके आकस्मिक निधन की खबर फैलते ही मेहरपुर के बीरबल बाजार में शोक का माहौल छा गया। स्थानीय व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

परिजनों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Leave a Comment