दुर्गोत्सव से पहले सड़कों की मरम्मत के लिए बनेगा रोडमैप, शिलचर-चुराईबाड़ी मार्ग को प्राथमिकता
रानू दत्ता, शिलचर, 10 सितंबर: बराक घाटी के तीन जिलों में भारतमाला, असममाला सहित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं के तहत चल रहे सड़क एवं बुनियादी ढांचा निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बुधवार को कछार के अभिभावक मंत्री तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पर्वतीय क्षेत्र एवं बराक वैली विकास विभाग के मंत्री कृष्णेंदु पाल ने की। समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को चिह्नित कर उनके शीघ्र समाधान तथा परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
श्रीकोणा स्थित असम सचिवालय बराक घाटी, शिलचर के सम्मेलन कक्ष में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री कृष्णेंदु पाल ने बताया कि बराक घाटी विकास विभाग की पहल पर आयोजित समीक्षा बैठक में क्षेत्र की विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित विभागों एवं निर्माण एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय के भीतर परियोजनाएं पूरी करने के आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के विशेष निर्देश पर बराक घाटी में सड़कों के नवीनीकरण एवं मरम्मत के लिए एक समग्र रोडमैप तैयार किया जाएगा। आगामी शारदीय दुर्गोत्सव को देखते हुए सड़कों की मरम्मत को विशेष प्राथमिकता दी गई है। बैठक में इस संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
उन्होंने कहा कि असममाला परियोजना के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्गों तथा NHIDCL के अधीन चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को भी शीघ्र पूरा किया जाएगा। विशेष रूप से शिलचर से चुराईबाड़ी तक सड़क के मरम्मत कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी तथा इस संबंध में एक रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।
मंत्री कृष्णेंदु पाल ने कहा कि बराक घाटी के विकास कार्यों को और गति देने के उद्देश्य से शिलचर स्थित असम सचिवालय के बराक वैली कार्यालय के माध्यम से विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों का संचालन किया जाएगा। बराक घाटी में फोर-लेन सड़क निर्माण की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय इस क्षेत्र में डबल-लेन सड़क का निर्माण भी आसान नहीं था। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में वर्तमान में असम में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।
कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में बराक नदी पर मादरपुर पुल का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने, शिलचर-बरापानी एक्सप्रेस हाईवे, बराक घाटी के तीनों जिलों में भारतमाला परियोजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण, असममाला परियोजना की सड़कें, शिलचर शहर के फ्लाईओवर, बीरबल बाजार से मेडिकल कॉलेज तक सड़क, श्रीभूमि मेडिकल कॉलेज तथा शिलचर जिला आयुक्त कार्यालय के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
इसके अलावा बराक घाटी की विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्यों में आ रही समस्याओं तथा उनके शीघ्र समाधान के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब रोकते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मंत्री कौशिक राय, विधायक विजय मालाकार, राजदीप गोआला, अमियकांति दास, अमीनुल हक लस्कर, जुबेर एनाम एवं अमीनुल रशीद चौधरी उपस्थित थे। बराक घाटी के तीनों जिलों के जिला आयुक्त राहुल गुप्ता, प्रदीप कुमार द्विवेदी एवं जय विकास सहित अतिरिक्त सचिव आदित्य विक्रम यादव, लोक निर्माण विभाग के आयुक्त एवं विशेष सचिव संजीव श्याम, NHIDCL के कार्यकारी निदेशक निर्माण किशन जांबुलकर तथा विद्युत एवं वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।