मुहर्रम २०२६ के अवसर पर हाइलाकांदी में तैयारियां तेज, जिला प्रशासन की समीक्षा बैठक आयोजित
प्रीतम दास हाइलाकांदी, ९ जून : आनेवाले मुहर्रम २०२६ के आयोजन को लेकर हाइलाकांदी जिला प्रशासन की पहल पर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला आयुक्त अभिषेक जैन तथा पुलिस अधीक्षक अमिताभ सिन्हा की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुहर्रम के दौरान जिले में की जाने वाली तैयारियों सुरक्षा व्यवस्था तथा जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में जिला मुहर्रम समिति के सदस्य।विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। मुहर्रम के धार्मिक महत्व और संभावित जनसमागम को ध्यान में रखते हुए आयोजन को शांतिपूर्ण सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।चर्चा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने यातायात नियंत्रण जुलूस मार्गों के निर्धारण ट्रैफिक प्रबंधन तथा जनसुरक्षा संबंधी मुद्दों पर विशेष बल दिया गया। इसके साथ ही मुहर्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर भी विस्तार से विचार विमर्श किया गया।
बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने साफ सफाई बनाए रखने शुद्ध पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति प्रदान करने के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य सेवाओं अग्निशमन व्यवस्था तथा आपातकालीन सहायता से जुड़ी तैयारियों की भी समीक्षा की गई ताकि किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति का त्वरित एवं प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।
जिला आयुक्त अभिषेक जैन ने सभी समुदायों के लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम एक महत्वपूर्ण धार्मिक अवसर है और इसके शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करना प्रशासन के साथ साथ आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है।वहीं पुलिस अधीक्षक अमिताभ सिन्हा ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी से आपसी सौहार्द भाईचारे और सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित मुहर्रम समिति के सदस्यों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव और विचार प्रस्तुत किए। प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया कि मुहर्रम के दौरान आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।मुहर्रम २०२६ के संबंध में आयोजित इस समीक्षा बैठक को लेकर जिले के विभिन्न वर्गों में संतोष व्यक्त किया गया है। संबंधित लोगों का मानना है कि प्रशासन की अग्रिम तैयारियों और समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप इस वर्ष का मुहर्रम शांतिपूर्ण सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न होगा।